हमीरपुर (शिखर समाचार) उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा सोमवार को हमीरपुर दौरे पर पहुंचे। शहर पहुंचने पर समाजसेवी और भाजपा नेता राजीव शुक्ला व चंदन शुक्ला ने उनके आवास पर गर्मजोशी से स्वागत कर शिष्टाचार भेंट की। इसके बाद डॉ. शर्मा ने पूर्व ज़िला पंचायत अध्यक्ष जितेंद्र मिश्रा के आवास पर भी भेंट की।
डॉ. दिनेश शर्मा का हमला: राहुल गांधी और कांग्रेस पर बिहार चुनाव को लेकर तीखा प्रहार
पत्रकारों से बातचीत में डॉ. दिनेश शर्मा ने बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी हर चुनाव में जनता को गुमराह करने का कार्य करते हैं। उनके नेतृत्व में कांग्रेस अब तक 90 चुनाव हार चुकी है और जल्द ही हार का शतक पूरा करेगी। उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि बिहार की जनता चुनाव बाद कांग्रेस और आरजेडी के कार्यालय पर झूठ का ताला लगाएगी। एसआईआर के मुद्दे पर भी उन्होंने राहुल गांधी पर तंज कसा और कहा कि जिस नीति का वे आज विरोध कर रहे हैं, उसकी शुरुआत उन्हीं की दादी के शासनकाल में हुई थी।
इसके बाद डॉ. शर्मा राठ तहसील के लिए रवाना हुए, जहां उन्होंने पूर्व सांसद और विधायक रहे स्व. राजनारायण बुधौलिया (रज्जू महाराज) की स्मृति में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में भाग लेकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। तत्पश्चात उन्होंने कस्बे के मां शारदा बालिका विद्यालय में स्थापित स्व. राजनारायण बुधौलिया की कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया।
डॉ. शर्मा ने याद किया रज्जू महाराज को: बुंदेलखंड में जनसेवा और सादगी का प्रतीक
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/municipal-corporation-has-started-repair-work/
इस अवसर पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ. शर्मा ने कहा कि राजनारायण बुधौलिया ऊर्फ रज्जू महाराज बुंदेलखंड की राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने जनसेवा को अपना जीवन उद्देश्य बना लिया था। उनकी सादगी और जनसमर्पण उन्हें जनता के दिलों में अमर बनाए हुए हैं।
कार्यक्रम में बुधौलिया परिवार के वीर नारायण बुधौलिया, मनोज बुधौलिया, श्रीनिवास बुधौलिया सहित प्रदेश सरकार के मंत्री सुरेश कुमार खेवरिया, विधायक मनीषा अनुरागी, ज़िला पंचायत अध्यक्ष जयंती राजपूत, एमएलसी जितेंद्र सेंगर, बांदा के पूर्व सांसद भैरव प्रसाद मिश्र, चरखारी विधायक बृज भूषण शरण सिंह और उरई विधायक विजय चौधरी समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता व गणमान्य लोग मौजूद रहे।

