नोएडा (शिखर समाचार) उत्तर प्रदेश कबड्डी लीग (यूपीकेएल) के दूसरे सीज़न की खिलाड़ियों की नीलामी ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित सरोवर प्रीमियर होटल में धूमधाम से संपन्न हुई। पहले सीज़न की सफलता के बाद इस बार लीग को और बड़ा रूप देते हुए चार नई टीमों को शामिल किया गया है। अब कुल 12 टीमें मैदान में उतरेंगी लखनऊ लायंस, यमुना योद्धा, नोएडा निंजा, गजब गाजियाबाद, काशी किंग्स, अवध रामदूत, ब्रिज स्टार्स, संगम चैलेंजर्स, गंगा किंग्स (मिर्जापुर), अलीगढ़ टाइगर्स, कानपुर वॉरियर्स और पूर्वांचल पैंथर्स।
उत्साह और रोमांच से भरपूर लाइव नीलामी—खिलाड़ियों के नामों पर गूंजा हॉल
नीलामी में खिलाड़ियों को अनुभव और प्रदर्शन के आधार पर चार वर्गों में बाँटा गया। फ्रेंचाइज़ी मालिकों, टीम अधिकारियों और लीग प्रतिनिधियों की मौजूदगी में बोली प्रक्रिया लाइव प्रारूप में संपन्न हुई। माहौल उत्साह और रोमांच से भरा रहा जब खिलाड़ियों के नाम पुकारे गए और बोली की गूंज पूरे हॉल में सुनाई दी।
कार्यक्रम में प्रख्यात कबड्डी खिलाड़ी व यूपीकेएल के ब्रांड एंबेसडर राहुल चौधरी और अवध रामदूत टीम के मालिक अवध ओझा मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। साथ ही उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सचिव राजेश सिंह, यूपी कबड्डी महासंघ के विनय कुमार सिंह, लीग के टेक्निकल डायरेक्टर तेज नारायण, मीडिया डायरेक्टर कुणाल शर्मा और प्रमोटर राहुल शर्मा की उपस्थिति ने आयोजन को और भव्य बना दिया।
यूपीकेएल: कबड्डी को नया आयाम, खिलाड़ियों को पेशेवर मंच
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/rakesh-tikait-arrived-at-the-gadh-ganga-fair/
यूपीकेएल के संस्थापक संभव जैन ने बताया कि नीलामी का संचालन क्रिकबैटल द्वारा किया गया, जो लीग का आधिकारिक तकनीकी भागीदार है। उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य राज्यभर में कबड्डी को नए आयाम देना और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को एक पेशेवर मंच उपलब्ध कराना है। यूपीकेएल की टैगलाइन अपना भारत, अपना खेल, खेल रहा है मेरा प्रदेश इस जज़्बे को पूरी तरह व्यक्त करती है।
यह लीग एसजे अपलिफ्ट कबड्डी के तत्वावधान में और उत्तर प्रदेश कबड्डी संघ के सहयोग से आयोजित की जा रही है। संभव जैन ने कहा कि यूपीकेएल सीज़न-2 का शुभारंभ 25 दिसंबर से होगा और सभी मुकाबले नोएडा में खेले जाएंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह सीज़न न सिर्फ़ खिलाड़ियों को पहचान दिलाएगा, बल्कि उत्तर प्रदेश में कबड्डी को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएगा। यूपीकेएल अब देश की प्रमुख राज्य स्तरीय कबड्डी लीगों में शुमार हो चुकी है, जो पारदर्शी, पेशेवर और समावेशी ढाँचे के साथ प्रदेश के हर कोने में इस पारंपरिक खेल के प्रति उत्साह और सम्मान को बढ़ा रही है।
