गाजियाबाद (शिखर समाचार)। राजनगर एक्सटेंशन की सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण में अब तेजी आएगी। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष अतुल वत्स ने राजनगर एक्सटेंशन में चल रहे ज़ोनल सड़क निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की बाधा को तत्काल दूर कर सड़क विकास कार्यों में गति लाई जाए।
नूर नगर को नई राहें: बंधा रोड और रिवर हाईट के बीच सड़क निर्माण कार्य में तेजी
जानकारी के अनुसार बंधा रोड से नूर नगर को जोड़ने वाली 18 मीटर चौड़ी सड़क पर मिट्टी भराई और सीवर लाइन बिछाने का कार्य शुरू हो गया है। वहीं रिवर हाईट सोसाइटी से ग्राम नूर नगर को जोड़ने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क पर भी तेजी से कार्य प्रगति पर है।
मुख्य मार्ग जो ग्राम सिकरोड से मेरठ रोड को जोड़ता है, उस पर 900 मीटर लंबे हिस्से का कार्य भी विधायक द्वारा नारियल फोड़कर शुरू कराया जा चुका है। इसके साथ ही राजनगर एक्सटेंशन की मशहूर हम तुम रोड के चौड़ीकरण की प्रक्रिया भी जल्द शुरू होगी। इसके लिए भूमि अर्जन का काम तेज़ी से चल रहा है और जमीन उपलब्ध होते ही काम शुरू कर दिया जाएगा।
आउटर रिंग रोड का विस्तार: क्षेत्र की लाइफलाइन को मिलेगा नया आकार
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/up-international-trade-show-inspected/
क्षेत्र की लाइफलाइन कही जाने वाली आउटर रिंग रोड को 45 मीटर से बढ़ाकर 60 मीटर चौड़ा किए जाने का सर्वे पूरा हो चुका है। भूमि अर्जन पूरा होते ही इसका निर्माण भी आरंभ किया जाएगा। हिमालयन सोसाइटी के पीछे कमिश्नरेट ऑफिस तक जाने वाली 24 मीटर चौड़ी सड़क पर आ रही बाधाओं को भी जल्द ही दूर कर दिया जाएगा।
इसी तरह अग्रवाल हाईट से भट्ठा नंबर 5 तक 30 मीटर चौड़ी सड़क निर्माण में अटकी बाधाओं को किसानों से वार्ता कर शीघ्र ही दूर किया जाएगा, जिससे आसपास की सोसाइटियों के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। श्रीराम हाईट से भट्ठा नंबर 5 तक 45 मीटर चौड़ी सड़क के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और प्रशासनिक स्वीकृति मिलते ही काम शुरू होगा।
आंतरिक सड़कों का सुधार: शहर को मिलेगी बेहतर कनेक्टिविटी और सुदृढ़ नेटवर्क
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/police-busted-a-gang-involved-in-stealing/
आंतरिक सड़कों को भी मजबूत करने की योजना तैयार की गई है। इसमें सोना पैलेस से आशियाना चौक होते हुए गुलमोहर गार्डन तक की 45 मीटर चौड़ी सड़क, जीडी गोयनका स्कूल के सामने स्टेडियम को जोड़ने वाली सड़क, अजनारा इंटीग्रिटी से अजनारा फ्रेग्रेन्सी तक की मुख्य बंधा रोड और गोलचक्कर चौराहे से अग्रवाल हाइट तक 30 मीटर चौड़ी सड़क शामिल हैं। इन सभी कार्यों के लिए व्ययनुमान तैयार कर प्रशासनिक स्वीकृति के बाद निविदा आमंत्रित की जाएगी।
इन सभी योजनाओं के पूर्ण होने के बाद राजनगर एक्सटेंशन की बड़ी आबादी को जाम से मुक्ति मिलेगी और आवागमन और सुगम हो जाएगा।
