ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)
ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो मार्ट में आगामी 25 से 29 सितंबर तक आयोजित होने वाले यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो-2025 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी मेधा रूपम की अध्यक्षता में आज सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आयोजन को पूरी तरह व्यवस्थित और भव्य तरीके से संपन्न कराने के लिए जिम्मेदारियों का स्पष्ट विभाजन करना और समयबद्ध कार्यान्वयन सुनिश्चित करना था।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो को सफल बनाने में समन्वय और तत्परता पर जोर दिया
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो प्रदेश की औद्योगिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़ा महत्वपूर्ण आयोजन है। इसे सफल बनाने के लिए सभी विभागों को अपने-अपने कार्यों को समन्वित और समय पर पूरा करना अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और प्रत्येक आगंतुक को निर्बाध सुविधा का अनुभव हो, यह हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को निर्देशित किया कि ड्यूटी रोस्टर के अनुरूप कार्य का पालन करें। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और यमुना प्राधिकरण के अधिकारी समय पर रोस्टर उपलब्ध कराएँ। होटल दरें निर्धारित मानकों के अनुसार होंगी, इसके लिए ग्रेटर नोएडा के नोडल अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। एआरटीओ को 100 बसों की सूची चालकों सहित उपलब्ध कराने तथा हैलीपैड का कार्य समय से पूर्ण कराने की जिम्मेदारी पीडब्ल्यूडी को दी गई।
जिलाधिकारी ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर कड़ा ध्यान देने के दिए निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/judge-praveen-jain-last-day-at-consumer-forum/
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने फायर सेफ्टी, विद्युत आपूर्ति और स्टेज-हैलीपैड की स्वच्छता पर विशेष बल दिया। अग्निशमन विभाग ने अपनी तैयारियों का विवरण प्रस्तुत किया और ड्यूटी रोस्टर आज ही उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। ट्रैफिक विभाग ने यातायात प्रबंधन की रूपरेखा साझा की, जबकि जिलाधिकारी ने साइनेज की सूची, खराब वाहनों को हटाने के प्वाइंट, जेसीबी-हाइड्रा की उपलब्धता और पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
खाद्य सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी ने जिला अभिहित अधिकारी को होटल, फूड स्टॉल और लाउंज में फूड सेफ्टी ऑफिसर तैनात करने के निर्देश दिए। पार्किंग स्थलों पर सीसीटीवी कैमरे और नेटवर्क सुविधा रिलायंस एवं जियो के माध्यम से सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जिलाधिकारी ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए सभी अधिकारियों को निर्देशित किया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/mission-shakti-5-0-public-representatives/
प्रचार-प्रसार को लेकर जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को मीडिया, सोशल मीडिया, पोस्टर, होर्डिंग, रेडियो और अन्य सभी प्लेटफॉर्म के माध्यम से आयोजन का व्यापक प्रचार करने के निर्देश दिए। उनका स्पष्ट कहना था कि अधिक से अधिक उद्यमी, निवेशक, विदेशी प्रतिनिधि और आमजन इस ट्रेड शो से जुड़ें और प्रदेश की औद्योगिक एवं सांस्कृतिक क्षमता को देश-विदेश तक प्रदर्शित किया जा सके।
बैठक में एसीओ ग्रेटर नोएडा श्रीलक्ष्मी वंदना त्रिपाठी, डीसीपी ट्रैफिक डॉ. प्रवीन रंजन सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अतुल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विवेक भदौरिया, एडीसीपी ट्रैफिक मनीषा सिंह, ओएसडी यमुना प्राधिकरण शैलेंद्र कुमार भाटिया, उप जिलाधिकारी दादरी अनुज नेहरा, उप जिलाधिकारी सदर आशुतोष गुप्ता, जिला मनोरंजन कर अधिकारी जेपी चन्द, जिला अभिहित अधिकारी सर्वेश मिश्रा, जिला विद्यालय निरीक्षक राजेश कुमार सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पवार, एआरटीओ प्रशासन सियाराम वर्मा, एआरटीओ प्रवर्तन डॉ. उदित नारायण पांडे, जिला तंबाकू नियंत्रण प्रकोष्ठ की श्वेता खुराना, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग कंचन, मुख्य अग्निशमन अधिकारी प्रदीप कुमार सहित विद्युत विभाग और अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

जिलाधिकारी ने बैठक का समापन करते हुए सभी विभागों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि प्रत्येक आगंतुक के लिए सुविधाएं सुनिश्चित हों और ट्रेड शो को प्रदेश की प्रतिष्ठा के अनुरूप सुरक्षित, सुव्यवस्थित और भव्य रूप में संपन्न कराया जाए।
