ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। दिवाली के अवसर पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सिरसा और डाढ़ा गांव के 127 किसानों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटित कर बड़ी राहत दी है। शुक्रवार को प्राधिकरण की ओर से 88 समान आकार के भूखंडों का ड्रॉ निकाला गया, जबकि अलग-अलग आकार के 39 भूखंडों के आवंटन पत्र किसानों को सौंप दिए गए। लंबे समय से आबादी भूखंड मिलने का इंतजार कर रहे किसानों के लिए यह दिवाली का बड़ा उपहार साबित हुआ।
दिवाली पर 127 किसानों को मिला छह प्रतिशत आबादी भूखंडों का उपहार
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एनजी रवि कुमार के निर्देश पर आवंटन प्रक्रिया पूरी कराई गई। अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह के नेतृत्व और अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुमित यादव की मौजूदगी में ड्रॉ संपन्न हुआ। दोनों गांवों के किसानों की जमीन अधिग्रहित होने के बाद से छह प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन का मामला लंबित था। किसानों ने इस संबंध में प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी से भी मांग उठाई थी। इसके बाद संबंधित विभागों को प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।
प्राधिकरण के विशेष कार्याधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि सिरसा गांव के कुल 120 भूखंडों में से 81 समान आकार के भूखंड थे, जिनका क्षेत्रफल 40 से 500 वर्ग मीटर तक है। इनमें से 81 भूखंडों का ड्रॉ कराया गया, जबकि शेष 39 अलग-अलग आकार के भूखंडों के आवंटन पत्र जारी किए गए। वहीं, डाढ़ा गांव के सात समान आकार के भूखंडों का भी ड्रॉ निकाला गया। इन किसानों को जल्द आवंटन पत्र दिए जाएंगे।
अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द मिलेंगे भूखंड
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कहा कि पात्र किसानों को छह प्रतिशत आबादी भूखंड उपलब्ध कराना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। अन्य गांवों के पात्र किसानों को भी जल्द भूखंड आवंटित किए जाएंगे। भूखंड मिलने पर किसानों ने खुशी जताते हुए जनप्रतिनिधियों, एनजी रवि कुमार और प्राधिकरण के अधिकारियों की सराहना की। किसानों ने कहा कि पात्रता में माता-पिता के साथ सास-ससुर को शामिल करने तथा मुआवजे में वृद्धि के फैसले भी उनके हित में महत्वपूर्ण हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि जिन गांवों के किसानों को अभी भूखंड नहीं मिले हैं, उनकी आवंटन प्रक्रिया प्राथमिकता से पूरी की जाए।
