कैराना/शामली (शिखर समाचार)। कैराना कोतवाली पुलिस ने गांव बरनावी के जंगल में एक ट्यूबवेल पर संचालित अवैध तमंचा फैक्ट्री का पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से 21 निर्मित और 19 अर्धनिर्मित तमंचों समेत कुल 40 हथियार बरामद किए हैं। इसके अलावा तमंचे बनाने में इस्तेमाल होने वाली ग्राइंडर, ड्रिल मशीन, वेल्डिंग मशीन सहित अन्य उपकरण भी बरामद किए गए हैं।
बरनावी के जंगल में अवैध तमंचा फैक्ट्री का पर्दाफाश
शामली के पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि कैराना क्षेत्र में अवैध हथियार बनाए जाने की सूचनाएं मिल रही थीं। इसके बाद कैराना क्षेत्राधिकारी और कोतवाली प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम को कार्रवाई के लिए लगाया गया। टीम ने बरनावी गांव के जंगल में स्थित ट्यूबवेल पर छापा मारकर अवैध तमंचा फैक्ट्री का खुलासा किया। मौके से बरनावी निवासी हारून को गिरफ्तार किया गया।
एक तमंचा पांच से दस हजार रुपये में बेचने का खुलासा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में हारून ने बताया कि वह कैराना निवासी अपने साथी इसरार उर्फ कट्टा के साथ मिलकर तमंचे बनाता था। इसरार फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। आरोपी ने बताया कि एक तमंचा करीब पांच हजार से दस हजार रुपये में बेचा जाता था। इन हथियारों की आपूर्ति पानीपत, सोनीपत, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, शामली और दिल्ली तक किए जाने की बात सामने आई है।
तिहाड़ जेल में बंद हथियार तस्कर गिरोह से जुड़ने की आशंका
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह फैक्ट्री दिल्ली की तिहाड़ जेल में बंद एक बड़े हथियार तस्कर गिरोह से जुड़ी बताई जा रही है। चुनाव के मद्देनजर पुलिस सतर्कता बरत रही है। बरामद हथियारों के स्रोत, उनकी आपूर्ति और कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच की जा रही है।
