——शारदीय नवरात्र पर तीनों जोन में महिला वॉलंटियर्स फोर्स के साथ निकला भव्य पैदल मार्च
आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के लिए रविवार को कमिश्नरेट गाजियाबाद में व्यापक स्तर पर पैदल मार्च निकाला गया। मिशन शक्ति अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम में महिला वॉलंटियर्स फोर्स (एमवीएफ) के सदस्यों समेत करीब दो हजार महिलाओं और बालिकाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
कमिश्नरेट के तीनों जोन नगर, ट्रांस हिंडन और ग्रामीण जोन में एक साथ निकाले गए इस भव्य पैदल मार्च मे पुलिसकर्मियों, शिक्षिकाओं, छात्राओं और विभिन्न सामाजिक संगठनों की महिलाओं ने कदम से कदम मिलाकर सहभागिता की। हाथों में महिला सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वावलंबन और आत्मनिर्भरता के नारों से सजे पोस्टर-बैनर थामे महिलाएं पूरे उत्साह के साथ सड़कों पर उतरीं।
इस पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य महिलाओं के प्रति समाज में संवेदनशीलता और जागरूकता बढ़ाना तथा बालिकाओं में आत्मविश्वास जगाना रहा। आयोजन के दौरान पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने उपस्थित जनसमूह को महिला हेल्पलाइन नंबरों, आत्मरक्षा और उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए स्पष्ट संदेश दिया कि समाज में महिलाओं की सुरक्षा और स्वाभिमान सर्वोपरि है।
अधिकारियों ने बढ़ाया हौसला, दिया कड़ा संदेश
कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस आयुक्त केशव कुमार चौधरी ने कहा कि ‘मिशन शक्ति’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि हर महिला के भीतर सुरक्षा और स्वाभिमान का विश्वास जगाने का संकल्प है। उन्होंने कहा कि कमिश्नरेट पुलिस महिलाओं की सुरक्षा को लेकर जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। सार्वजनिक स्थलों से लेकर शिक्षण संस्थानों तक हर जगह ऐसा सुरक्षित वातावरण तैयार किया जा रहा है, जहां हर बेटी और महिला बिना किसी भय के आगे बढ़ सके। उन्होंने महिलाओं से किसी भी विषम परिस्थिति में तत्काल हेल्पलाइन नंबरों 1090 और 112 का उपयोग करने का आह्वान किया।
वहीं, अपर पुलिस आयुक्त राजकरण नय्यर ने कहा कि समाज में वास्तविक विकास तभी संभव है जब आधी आबादी पूरी तरह सुरक्षित और सशक्त महसूस करे। महिला वॉलंटियर्स फोर्स (एमवीएफ) के जरिए पुलिस और जनता के बीच की दूरी को पाटा जा रहा है। उन्होंने अराजक तत्वों को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा के साथ खिलवाड़ करने वालों पर कमिश्नरेट पुलिस बेहद सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। पुलिस हर कदम पर महिलाओं के साथ खड़ी है।
