——पुलिस बल के साथ एचपीडीए की बड़ी कार्रवाई से कॉलोनाइजरों में मचा हड़कंप
हापुड़ (शिखर समाचार )। हापुड़-पिलखुवा विकास प्राधिकरण (एचपीडीए) ने अवैध निर्माणों और बिना स्वीकृति के काटी जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा अभियान चलाया है। प्राधिकरण की टीम ने थाना देहात पुलिस बल और सचल दस्ते के सहयोग से क्षेत्र के 7 अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए लगभग 49,900 वर्ग मीटर भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया।
प्राधिकरण उपाध्यक्ष के निर्देशों के अनुपालन में चलाए गए इस ध्वस्तीकरण अभियान से अवैध प्लाटिंग करने वालों और भू-माफियाओं में हड़कंप मच गया। कार्रवाई के दौरान प्रवर्तन दल ने जेसीबी मशीनों की मदद से अवैध रूप से बनाई जा रही बाउंड्रीवॉल, पक्की सड़कों और निर्माणों को जमींदोज कर दिया।
इन स्थानों पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर:
फायर स्टेशन के सामने, स्वर्ग आश्रम रोड (खसरा सं. 248): कपिल त्यागी, अरविन्द सिंह व सूरज सिंह द्वारा 15,000 वर्ग मीटर में की जा रही अवैध प्लाटिंग पर ध्वस्तीकरण किया गया।
किठौर रोड, टियाला (मेरठ बाईपास के निकट): शेखर त्यागी, जावेद एवं नीरज कुमार द्वारा 10,000 वर्ग मीटर में किए जा रहे अवैध निर्माण को ध्वस्त किया गया।
असौड़ा, मेरठ रोड: भू-स्वामी इरशाद व उसमान तथा विकासकर्ता राजीव व जितेन्द्र द्वारा 8,000 वर्ग मीटर में विकसित की जा रही कॉलोनी को ध्वस्त किया गया।
गोंदी सलाई रोड (नया बाईपास के पास): बबलू व विजय पुत्र मंगू द्वारा 6,300 वर्ग मीटर में की जा रही प्लाटिंग को जमींदोज किया गया।
जरौंठी रोड (सिलाई मशीन फैक्ट्री के पास): आसिफ प्रधान व कलुआ द्वारा 3,100 वर्ग मीटर में किए गए अवैध निर्माण पर बुलडोजर चला।
टियाला गाँव के पास, नया बाईपास: रवि प्रकाश, जावेद, अहमद व साजिद पुत्र अल्ला महर द्वारा 5,000 वर्ग मीटर में की जा रही प्लाटिंग ध्वस्त की गई।
ग्राम-गोयना (पोस्टमार्टम हाउस के निकट, खसरा सं. 63): कुलदीप व धर्मेन्द्र द्वारा 2,500 वर्ग मीटर में किया जा रहा अवैध निर्माण पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया।
कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी: प्रभारी सचिव
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्राधिकरण के प्रभारी सचिव ने बताया कि हापुड़ विकास क्षेत्र के अंतर्गत बिना लेआउट और मानचित्र स्वीकृत कराए की जा रही किसी भी प्लाटिंग या निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अवैध निर्माणों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
आमजन से अपील:
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
प्राधिकरण ने आम जनता से अपील की है कि वे अपनी मेहनत की कमाई किसी भी अवैध कॉलोनी में न लगाएं। जमीन खरीदने या निर्माण करने से पहले नियमानुसार प्राधिकरण से स्वीकृत लेआउट और मानचित्र की जांच अवश्य कर लें। अवैध निर्माणों पर होने वाली प्रशासनिक कार्रवाई आर्थिक क्षति के लिए व्यक्ति स्वयं उत्तरदायी होगा।
