गाजियाबाद (शिखर समाचार)। आईएमएस गाजियाबाद में स्कूल ऑफ कंप्यूटर साइंस की ओर से अंतर संस्थागत तकनीकी वार्षिक कार्यक्रम इन्वेन्ट-2026 का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ आईएमएस समूह के महासचिव सीए डॉ. राकेश छारिया, मुख्य अतिथि नितीश कुमार, संस्थान की निदेशक प्रोफेसर डॉ. जसकिरण कौर और विभागाध्यक्ष डॉ. गगन वार्ष्णेय ने मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष पुष्प अर्पित कर किया।
कार्यक्रम में कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रश्नोत्तरी, इलेक्ट्रो आर्ट, बग बाउंटी, रोबो वेलोसिटी और बूयह कप सहित पांच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। दिल्ली-एनसीआर के 25 विद्यालयों और महाविद्यालयों से 400 से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कर प्रतिभाग किया। इनमें संत टेरिसा अकादमी, के.आर. मंगलम वर्ल्ड स्कूल, रेयान स्कूल, केंद्रीय विद्यालय आरकेजीआईटी, मंगलमय समूह, दिल्ली विश्वविद्यालय, एसआरएम विश्वविद्यालय, शारदा विश्वविद्यालय और काइट कॉलेज के विद्यार्थी शामिल रहे।
रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी कौशल पर दिया जोर
सीए डॉ. राकेश छारिया ने विद्यार्थियों से रचनात्मकता, नवाचार और तकनीकी कौशल विकसित करने का आह्वान किया। निदेशक प्रोफेसर डॉ. जसकिरण कौर ने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देते हैं। मुख्य अतिथि नितीश कुमार ने तकनीकी आयोजनों को टीम भावना और नेतृत्व क्षमता विकसित करने का प्रभावी माध्यम बताया।
प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने दिखाया हुनर, विजेता सम्मानित
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कृत्रिम बुद्धिमत्ता प्रश्नोत्तरी में रेयान इंटरनेशनल स्कूल के क्षितिज गांगुली प्रथम और आईएमएस के दीपांशी व प्रतीक चौधरी द्वितीय रहे। इलेक्ट्रो आर्ट में एनआईईटी की मानवी व प्रशांत प्रथम तथा आईएमएस के शिवम व ख्याति द्वितीय रहे। बग बाउंटी में आरवीआईटी बिजनौर के हर्षित राजपूत प्रथम और कनिका गर्ग द्वितीय रहीं। विजेताओं को नकद पुरस्कार और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया।
