दो करोड़ 16 लाख की लागत से बने लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का विधायक ने किया लोकार्पण

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
MLA Inaugurates PWD Rest House Built at a Cost of ₹2.16 Crore IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

सहारनपुर (शिखर समाचार)। रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र में दिल्ली-यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो करोड़ 16 लाख रुपये की लागत से निर्मित लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह का भाजपा विधायक देवेंद्र निम ने विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच लोकार्पण किया। इस दौरान उन्होंने शिलापट का अनावरण कर नवनिर्मित भवन को क्षेत्र की जनता को समर्पित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक देवेंद्र निम ने कहा कि विश्राम गृह के निर्माण से रामपुर मनिहारान आने वाले अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सरकारी अतिथियों को ठहरने की बेहतर सुविधा मिलेगी। इसके साथ ही सरकारी और विभागीय बैठकों के आयोजन के लिए भी यह भवन उपयोगी साबित होगा।

विश्राम गृह से अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को मिलेगी सुविधा

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

उन्होंने कहा कि रामपुर मनिहारान विधानसभा क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। क्षेत्र में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विधायक ने कहा कि जनता ने उन्हें सेवा का अवसर दिया है और क्षेत्र की अपेक्षाओं पर खरा उतरना उनका संकल्प है। विकास कार्यों में धन की कमी को बाधा नहीं बनने दिया जाएगा। उन्होंने विश्राम गृह को क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे प्रशासनिक गतिविधियों को भी सुविधा मिलेगी।

विकास परियोजनाओं की गुणवत्ता पर जोर

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/

विधायक ने परियोजना का श्रेय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और प्रदेश सरकार की विकास योजनाओं को देते हुए कहा कि सरकार बिना भेदभाव के सभी क्षेत्रों में विकास कार्य करा रही है। उन्होंने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में चल रही परियोजनाओं की नियमित समीक्षा की जा रही है और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। सरकारी धन का सदुपयोग सुनिश्चित करना और निर्माण कार्यों में लापरवाही रोकना आवश्यक है। इस दौरान देहात मंडल अध्यक्ष संजय चौधरी, मेघराज पंवार, बिट्टू नंबरदार, पूर्व चेयरमैन प्रदीप चौधरी, ब्रह्म सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment