हरिद्वार (शिखर समाचार)। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन ने निगरानी व्यवस्था तेज कर दी है। मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को मेला नियंत्रण भवन में अधिकारियों के साथ बैठक कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण करने, कार्यस्थलों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने और निर्माण कार्यों की तीसरे पक्ष से गुणवत्ता जांच प्रभावी ढंग से कराने के निर्देश दिए।
निर्धारित समयसीमा में पूरे हों कुंभ के सभी निर्माण कार्य
मेलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि कुंभ मेले के लिए स्वीकृत सभी कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाने हैं। इसके लिए कार्यदायी संस्थाएं पूरी क्षमता से काम करें और आवश्यकता पड़ने पर बड़ी परियोजनाओं में दिन-रात कार्य कराएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन किया जाए। जांच के दौरान किसी भी प्रकार की कमी सामने आने पर उसे तत्काल दूर कराया जाए और लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
सोनिका ने हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी गढ़वाल और टिहरी गढ़वाल के जिला स्तरीय अधिकारियों तथा उप जिलाधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी केवल कार्यों की प्रगति ही नहीं, बल्कि उनकी गुणवत्ता की भी जांच करें और निरीक्षण रिपोर्ट तत्काल मेला नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं। निरीक्षण के दौरान स्वीकृत विस्तृत परियोजना रिपोर्ट के अनुरूप कार्य होने की भी जांच की जाएगी। तीसरे पक्ष की गुणवत्ता जांच में सामने आई कमियों को दूर करने के बाद मौके पर सुधार कार्यों का सत्यापन भी कराया जाएगा। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित कार्यदायी संस्था से अलग विभागों के अभियंताओं की तकनीकी सहायता लेकर स्वतंत्र जांच कराई जाएगी।
ड्रोन से होगी कार्यों की निगरानी, पार्किंग स्थलों का होगा चिन्हीकरण
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मेलाधिकारी ने कुंभ क्षेत्र के विभिन्न सेक्टरों में शिविरों, पार्किंग और अन्य सुविधाओं की स्थापना के लिए मेला भूमि की सफाई और समतलीकरण में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने अस्थायी कार्य शुरू होने से पहले और पूरा होने के बाद संबंधित स्थलों की ड्रोन से वीडियोग्राफी अनिवार्य रूप से कराने को कहा, ताकि कार्यों की वास्तविक स्थिति का अभिलेख उपलब्ध रहे। इसके अनुपालन की जिम्मेदारी निरीक्षण अधिकारियों को सौंपी गई।
हरिद्वार नगर के आंतरिक क्षेत्रों में पार्किंग स्थलों के चिन्हीकरण के लिए अपर मेलाधिकारी, अपर जिलाधिकारी और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव की समिति गठित कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, अपर जिलाधिकारी वैभव गुप्ता, जितेन्द्र कुमार, प्राधिकरण सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी और मनजीत सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। वहीं, रुड़की, हरिद्वार, भगवानपुर, ऋषिकेश, यमकेश्वर और नरेंद्रनगर के उप जिलाधिकारियों सहित विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
