शामली (शिखर समाचार)। जिलाधिकारी आलोक यादव ने सोमवार को कलेक्ट्रेट स्थित कार्यालय में शामली, ऊन और थानाभवन चीनी मिलों के पेराई सत्र 2025-26 के गन्ना मूल्य भुगतान, आगामी पेराई सत्र 2026-27 की तैयारियों और चीनी स्टॉक की समीक्षा की। समीक्षा में सामने आया कि थानाभवन चीनी मिल पर 301.60 करोड़ रुपये के देय गन्ना मूल्य में से 220.23 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया है, जबकि 81.37 करोड़ रुपये का भुगतान अभी शेष है। इसके विपरीत शामली चीनी मिल ने 323.19 करोड़ रुपये और ऊन चीनी मिल ने 267.03 करोड़ रुपये के देय गन्ना मूल्य का शत-प्रतिशत भुगतान कर दिया है।
थानाभवन चीनी मिल पर 81.37 करोड़ रुपये का भुगतान शेष
गन्ना मूल्य भुगतान में पिछड़ने पर जिलाधिकारी ने थानाभवन चीनी मिल के प्रतिनिधियों के प्रति कड़ा रोष जताया और अवशेष गन्ना मूल्य का तत्काल शत-प्रतिशत भुगतान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों के भुगतान में किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
15 अक्टूबर तक शुरू करना होगा नया पेराई सत्र
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/’
आगामी पेराई सत्र की तैयारियों की समीक्षा में थानाभवन चीनी मिल में 72.25 प्रतिशत, शामली में 74.25 प्रतिशत और ऊन चीनी मिल में करीब 63 प्रतिशत मरम्मत एवं रखरखाव कार्य पूरा पाया गया। जिलाधिकारी ने तीनों चीनी मिलों को शासन के निर्देशों के अनुसार हर हाल में 15 अक्टूबर 2026 तक पेराई सत्र शुरू करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी आरएस कुशवाहा, खांडसारी अधिकारी, ऊन चीनी मिल के उपाध्यक्ष डॉ. कुलदीप पिलानिया, थानाभवन चीनी मिल के महाप्रबंधक गन्ना लेखपाल सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
