गढ़मुक्तेश्वर (शिखर समाचार)। गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र में सोमवार तड़के करीब चार बजे छह-सात बदमाशों ने कैंटर चालक समेत तीन लोगों को बंधक बनाकर कपड़ों से भरा कैंटर लूट लिया। वारदात बजघाट चौकी क्षेत्र के बलवापुर गांव के पास हुई। बदमाश तीनों पीड़ितों को अमरोहा जनपद के हसनपुर क्षेत्र के जंगल में छोड़कर कैंटर लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
बदमाशों ने कैंटर रोककर तीन लोगों को बनाया बंधक
पीड़ितों के अनुसार कैंटर चालक शकील दिल्ली से कपड़े लादकर अमरोहा जा रहा था। उसके साथ पप्पू और रिजवान भी मौजूद थे। सोमवार तड़के बलवापुर गांव के पास पहुंचने पर छह-सात बदमाशों ने कैंटर को रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने चालक समेत तीनों लोगों को बंधक बना लिया और कपड़ों से लदा कैंटर अपने कब्जे में लेकर फरार हो गए। कुछ दूरी पर बदमाशों ने तीनों को अमरोहा के हसनपुर क्षेत्र के जंगल में छोड़ दिया। बदमाशों के जाने के बाद पीड़ितों ने किसी तरह खुद को मुक्त कराया और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
पुलिस ने शुरू की बदमाशों की तलाश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। बदमाशों की तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हैं और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। एएसपी महेश कुमार ने घटनास्थल का दौरा कर सीओ गढ़ राहुल यादव और गढ़ कोतवाली प्रभारी देवेंद्र बिष्ट को घटना के शीघ्र खुलासे तथा बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस आसपास लगे निगरानी कैमरों की फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।
