हरिद्वार में दौड़ेंगी 37 ई-बसें, कनखल से सप्तऋषि तक जुड़ेगा नया नेटवर्क

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
37 e-buses to operate in Haridwar, with a new network connecting Kankhal to Sapt Rishi — IMAGE CREDIT TO सूचना विभाग

हरिद्वार (शिखर समाचार)। हरिद्वार में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुविधाजनक बनाने की दिशा में बड़ी तैयारी शुरू हो गई है। प्रधानमंत्री ई-बस सेवा योजना के तहत जनपद को आवंटित 37 विद्युत बसों के संचालन को लेकर शुक्रवार को सीसीआर भवन में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की संयुक्त अध्यक्षता मेलाधिकारी सोनिका और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने की। बैठक में प्रस्तावित मार्गों, बसों की तैनाती और संचालन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई।

सर्कुलर और फीडर मार्गों से जुड़ेगा हरिद्वार

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी निखिल शर्मा ने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से योजना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सभी बसें नौ मीटर लंबी, 30 सीट वाली और वातानुकूलित होंगी। नगर के करीब 15 किलोमीटर मुख्य क्षेत्र में स्मार्ट सिटी मॉडल के अनुरूप एक सर्कुलर मार्ग और सात फीडर मार्गों के माध्यम से बस सेवा संचालित करने की योजना है। इससे मुख्य बाजार, औद्योगिक क्षेत्रों और प्रमुख तीर्थ स्थलों को एक नेटवर्क से जोड़ा जाएगा।

प्रस्तावित सर्कुलर मार्ग हरिद्वार रेलवे स्टेशन से ऋषिकुल, चंद्राचार्य चौक, भगत सिंह चौक, बीएचईएल सेक्टर-2 बैरियर, ज्वालापुर, दुर्गा चौक, शंकराचार्य चौक, सिंहद्वार, डामकोठी और तुलसी चौक होते हुए वापस रेलवे स्टेशन तक रहेगा। इसके अलावा रोशनाबाद, बहादराबाद, पतंजलि, धनपुरा, जगजीतपुर, शांतिकुंज और लालढांग क्षेत्रों को भी फीडर मार्गों से जोड़ा जाएगा।

कनखल, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि भी नेटवर्क में शामिल

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

जिलाधिकारी ने मार्गों में संशोधन करते हुए कनखल चौक, पुराना आरटीओ और सप्तऋषि क्षेत्र को भी ई-बस नेटवर्क में शामिल करने के निर्देश दिए। प्राथमिकता वाले मार्गों पर बसों के बीच प्रतीक्षा समय करीब दस मिनट रखने की योजना है। यात्रियों की सुविधा के लिए निर्धारित स्थानों पर बस स्टॉप तैयार किए जाएंगे। साथ ही चार्जिंग केंद्र और बस डिपो की व्यवस्था समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में नगर आयुक्त नंदन कुमार, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी नेहा झा, सहायक क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी रुड़की जितेंद्र चंद्र, यातायात प्रभारी निरीक्षक संदीप नेगी, उपनिरीक्षक यातायात मुकेश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment