हापुड़ (शिखर समाचार)। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा में सहयोग कर सामाजिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश करने वाले सर्राफा कारोबारी सचिन जिंदल को जिलाधिकारी कविता मीना ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। जिंदल ज्वैलर्स के स्वामी सचिन जिंदल ने हापुड़ जनपद के जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों की शिक्षा पूरी कराने के लिए आर्थिक सहयोग प्रदान किया है।
जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा में सहयोग की जिलाधिकारी ने की सराहना
जिलाधिकारी कविता मीना ने उनके इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि समाज के सक्षम लोगों द्वारा जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा के लिए आगे आना सराहनीय पहल है। इससे न केवल बच्चों को बेहतर शिक्षा प्राप्त करने का अवसर मिलता है, बल्कि सरकारी प्रयासों को भी मजबूती मिलती है। उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी बच्चे के भविष्य को बेहतर बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है और समाज के सामर्थ्यवान लोगों को जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
प्रशस्ति पत्र में जिलाधिकारी ने सचिन जिंदल के आर्थिक सहयोग को प्रेरणादायक एवं अनुकरणीय बताया। इसमें कहा गया कि बच्चों की शिक्षा के लिए दिया गया सहयोग केवल आर्थिक सहायता नहीं, बल्कि समाज के प्रति संवेदनशीलता और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
भविष्य में भी शिक्षा के लिए सहयोग जारी रखने का संकल्प
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
सम्मान समारोह के दौरान जिलाधिकारी ने सचिन जिंदल के उत्तम स्वास्थ्य, सुख, समृद्धि और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। सम्मानित कारोबारी सचिन जिंदल ने कहा कि वे भविष्य में भी जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की शिक्षा के लिए इसी प्रकार सहयोग करते रहेंगे।
