हरिद्वार (शिखर समाचार)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को पतंजलि वेलनेस योगग्राम, ग्राम औरंगाबाद, हरिद्वार में प्रथम पतंजलि आयुर्वेद गुरुकुलम् का शुभारंभ किया। उन्होंने गुरुकुलम् के उद्घाटन पर योगगुरु स्वामी रामदेव, आचार्य बालकृष्ण और पतंजलि परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरिद्वार आस्था, संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख केंद्र है और यहां आयुर्वेद गुरुकुलम् की शुरुआत भारत की गौरवशाली ज्ञान परंपरा को आधुनिक युग से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
गुरुकुल शिक्षा में ज्ञान के साथ संस्कार और अनुशासन पर जोर
धामी ने कहा कि भारत की गुरुकुल परंपरा हजारों वर्षों से ज्ञान, संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण का आधार रही है। विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान देना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें जीवन जीने की कला और समाज के प्रति उत्तरदायित्व का बोध भी कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक के साथ योग, आयुर्वेद, भारतीय संस्कृति और जीवन मूल्यों का समन्वय नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने के साथ भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगा।
धामी ने कहा कि तेजी से बदलती दुनिया में गुरुकुल शिक्षा की प्रासंगिकता और बढ़ी है। उन्होंने स्वामी रामदेव और आचार्य बालकृष्ण के योग, आयुर्वेद, शिक्षा और शोध के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 में कौशल, नवाचार, भारतीय ज्ञान परंपरा और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया गया है। उत्तराखंड भी इसके प्रभावी क्रियान्वयन की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

ज्ञान, योग और आयुर्वेद के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित होगा उत्तराखंड
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
धामी ने बताया कि देहरादून में देश की पांचवीं विज्ञान नगरी विकसित की जा रही है तथा विभिन्न क्षेत्रों में विज्ञान और नवाचार केंद्र स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को पर्यटन के साथ ज्ञान, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के प्रयास जारी हैं। इस दौरान आचार्य बालकृष्ण, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक, विधायक आदेश चौहान, विधायक रवि बहादुर, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
