———सड़क और रास्ते रोकने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई, सभी जोनल प्रभारियों को अभियान चलाने के निर्देश
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद नगर निगम मुख्यालय में नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने संभव कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई करते हुए नागरिकों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई में कुल 31 शिकायतें प्राप्त हुई, जिन पर संबंधित विभागों द्वारा कार्रवाई की गई। अधिकांश शिकायतें निर्माण विभाग से जुड़े रहे, जिनमें विभिन्न विकास कार्यों और सुविधाओं से संबंधित मांगें शामिल थीं। नगर आयुक्त ने विशेष रूप से अवैध अतिक्रमण की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी जोनल प्रभारियों को तत्काल प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए।
सड़क और आवागमन बाधित करने वाले अतिक्रमण पर विशेष निगरानी
नगर आयुक्त ने अधिकारियों से कहा कि सड़कों पर किसी भी प्रकार का ऐसा अतिक्रमण नहीं होना चाहिए, जिससे यातायात प्रभावित हो अथवा लोगों के आने-जाने का मार्ग बाधित हो। उन्होंने सभी जोन में विशेष निगरानी रखते हुए अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाने के निर्देश दिए। पक्के निर्माण हटाने के लिए निर्माण विभाग से समन्वय स्थापित कर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया।
निर्माण विभाग की सबसे अधिक शिकायतें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
संभव कार्यक्रम के तहत निर्माण विभाग से संबंधित नौ, स्वास्थ्य विभाग से तीन, उद्यान विभाग से तीन, प्रकाश विभाग से एक, कर विभाग से दो, जलकल विभाग से पांच, अतिक्रमण से संबंधित छह, जन्म-मृत्यु से संबंधित एक तथा अन्य विभाग से एक शिकायतें प्राप्त हुई। नगर आयुक्त ने सभी विभागीय अधिकारियों को केवल कागजी कार्रवाई तक सीमित न रहने और आवश्यकतानुसार स्थलीय निरीक्षण कर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अतिक्रमण के खिलाफ महाअभियान की तैयारी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
नगर निगम की ओर से बताया गया कि संभव के अंतर्गत प्राप्त समस्याओं के समाधान के लिए त्वरित कार्रवाई की जा रही है। अतिक्रमण की समस्या के स्थायी समाधान के लिए दिन निर्धारित कर पुलिस बल और संबंधित विभागों के सहयोग से व्यापक अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। जनसुनवाई के दौरान अपर नगर आयुक्त रेनू सिंह, प्रभारी उद्यान अनुज, महाप्रबंधक जल केपी आनंद, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
