17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
'Sewa Sankalp Abhiyan' will run from September 17 to October 17 - IMAGE CREDIT TO नगर निगम

——-100 वार्डों में एक साथ स्वच्छता अभियान, 156 घंटे लगातार चलेगा सफाई अभियान; कलश यात्रा और दीप प्रज्वलन भी होंगे

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद नगर निगम की ओर से 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले सेवा संकल्प अभियान की तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में महापौर सुनीता दयाल की अध्यक्षता और नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक के नेतृत्व में समन्वय बैठक आयोजित की गई। बैठक में निगम अधिकारियों के साथ पार्षदों ने भी हिस्सा लिया। अभियान के दौरान शहर की प्रत्येक गली और मोहल्ले में स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने के साथ नागरिकों को अभियान से जोड़ने की योजना बनाई गई।

सेवा संकल्प अभियान की रूपरेखा, 156 घंटे चलेगा निरंतर सफाई अभियान

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार ने बैठक में अभियान के तहत एक माह के दौरान होने वाले कार्यक्रमों और तैयारियों की विस्तृत जानकारी दी। अभियान के अंतर्गत 156 घंटे का निरंतर सफाई अभियान चलाया जाएगा। वहीं, शहर के सभी 100 वार्डों में एक ही दिन एक साथ स्वच्छता अभियान आयोजित किया जाएगा। इसके अलावा चौराहों की सजावट, प्रमुख एवं ऐतिहासिक स्थलों को सुंदर बनाने तथा विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन होगा। कलश यात्रा और प्रमुख स्थानों पर दीप प्रज्वलन के कार्यक्रम भी प्रस्तावित हैं। महापौर सुनीता दयाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान में शहरवासियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। पार्षद अपने-अपने वार्डों में विशेष कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता से जोड़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक के सहयोग से ही स्वच्छ और सुंदर गाजियाबाद का संकल्प पूरा किया जा सकता है।

महापर्व के रूप में मचेगा अभियान, स्कूलों में होंगी प्रतियोगिताएं

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को गाजियाबाद में महापर्व के रूप में आयोजित किया जाएगा। महिला और पुरुषों की सहभागिता से कलश यात्रा और दीप प्रज्वलन कार्यक्रम होंगे। स्थानों का चयन कर आवश्यक तैयारियां पूरी की जाएंगी और रंगोली आदि के माध्यम से प्रमुख स्थलों को आकर्षक बनाया जाएगा। स्कूलों में स्वच्छता विषय पर विभिन्न प्रतियोगिताएं भी आयोजित होंगी। बैठक में पार्षदों ने अभियान को लेकर अपने सुझाव दिए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को सुझावों के आधार पर कार्ययोजना तैयार कर तत्काल कार्रवाई शुरू करने के निर्देश दिए। साथ ही निगम की टीमों को घर-घर जाकर स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाने और अभियान की तैयारियां समय से पूरी करने को कहा गया।

Share This Article
Leave a comment