शामली (शिखर समाचार)। सोशल मीडिया पर खुद को कुख्यात अपराधी लारेंस बिश्नोई की पत्नी बताकर शामली के एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी देने के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए जयपुर, राजस्थान से एक महिला को गिरफ्तार किया है। थाना गढ़ीपुख्ता और साइबर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने आरोपी महिला के कब्जे से धमकी देने में प्रयुक्त मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, नौ सितंबर 2026 को जंधेड़ी गांव निवासी मुकुल चौधरी को व्हाट्सऐप और मैसेंजर के माध्यम से जान से मारने की धमकी दी गई थी। महिला ने फोन पर खुद को लारेंस बिश्नोई की पत्नी बताया था। शिकायत के आधार पर थाना गढ़ीपुख्ता में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक एनपी सिंह के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए गढ़ीपुख्ता थाना, साइबर थाना और निगरानी टीम को लगाया गया था।
जयपुर से आरोपी महिला गिरफ्तार, मोबाइल फोन बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने बिंदु देवी पत्नी नन्दजी निवासी विजय नगर-2, करतारपुरा, अजमेर रोड, थाना महेश नगर, जयपुर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में महिला ने बताया कि वह मूल रूप से बक्सर, बिहार की रहने वाली है और करीब 12 वर्ष पूर्व पति के साथ जयपुर आई थी। करीब आठ वर्ष से वह पति से अलग रहकर बच्चों के साथ रह रही है।
लारेंस बिश्नोई को अपना पति मानती है महिला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के मुताबिक, महिला ने पूछताछ में बताया कि वह लारेंस बिश्नोई से प्रेम करती है और उसे अपना पति मानती है, जबकि उसकी लारेंस बिश्नोई या उसके किसी साथी से कभी मुलाकात नहीं हुई। शिकायतकर्ता द्वारा समाचार रिपोर्टिंग के दौरान लारेंस बिश्नोई और उसके गिरोह के संबंध में कही गई बातों से नाराज होकर उसने धमकी दी थी। पुलिस ने उसके कब्जे से घटना में प्रयुक्त रियलमी मोबाइल फोन बरामद किया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
