सहारनपुर नगर निगम का 997.31 करोड़ रुपये का पुनरीक्षित बजट पारित, सौंदर्यीकरण पर बढ़ाया खर्च

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
Saharanpur Municipal Corporation Passes Revised Budget of ₹997.31 Crore, Increases Spending on Beautification. IMAGE CREDIT TO नगर निगम

सहारनपुर (शिखर समाचार)। महापौर डॉ. अजय सिंह की अध्यक्षता में आयोजित नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 997 करोड़ 31 लाख 81 हजार रुपये का पुनरीक्षित बजट सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। यह नगर निगम के इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा पुनरीक्षित बजट बताया गया है। मूल बजट की तुलना में इसमें करीब 244 करोड़ 19 लाख रुपये की वृद्धि की गई है। बजट में शहर के विकास, निर्माण कार्यों, पेयजल व्यवस्था और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान दिया गया है। उद्यान विभाग का बजट लगभग दोगुना कर दिया गया है, ताकि महानगर में पार्कों, डिवाइडरों और हरित क्षेत्रों का विकास किया जा सके।

997 करोड़ का बजट पारित, उद्यान विभाग का बजट हुआ दोगुना

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

बैठक में लेखाधिकारी डॉ. मनोज त्रिपाठी ने बजट प्रस्तुत करते हुए बताया कि राज्य सरकार की अनुदान राशि में लगभग 62 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सौर ऊर्जा निधि से 2 करोड़ 11 लाख 20 हजार रुपये तथा केंद्र सरकार की शैलो एक्वीफर प्रबंधन योजना के अंतर्गत 50 लाख रुपये अतिरिक्त प्राप्त हुए हैं। उन्होंने बताया कि अधिष्ठान व्यय के लिए 142 करोड़ 45 लाख, पथ प्रकाश के लिए 21 करोड़ 65 लाख तथा निर्माण विभाग के लिए 297 करोड़ 15 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है।

शहर के सौंदर्यीकरण के लिए उद्यान विभाग का बजट 6 करोड़ 18 लाख से बढ़ाकर 11 करोड़ 43 लाख रुपये कर दिया गया है। गमले, पौधारोपण और डिवाइडर के विकास के लिए 4 करोड़ रुपये तथा पार्कों की चारदीवारी, सौर ऊर्जा से चलने वाली लाइट, रेलिंग और रंगाई-पुताई के लिए 3 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। जलकल विभाग में पाइपलाइन की मरम्मत और नई पाइपलाइन बिछाने के लिए 12 करोड़ रुपये तथा 32 गांवों के विकास के लिए 7 करोड़ 90 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इन मदों में निर्धारित धनराशि 31 मार्च 2027 तक खर्च की जानी है।

पार्षदों ने उठाईं सफाई, अतिक्रमण और विकास कार्यों की समस्याएं

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/\

बैठक में पार्षदों ने दीपावली सहित अन्य पर्वों पर विशेष सफाई और पथ प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग उठाई। उपसभापति मयंक गर्ग ने पुल दाल मंडी, पुल खुमरान और बेहट रोड से साईं मंदिर तक अतिक्रमण का मुद्दा उठाया। पार्षद सुधीर पंवार ने वार्ड 34 में विकास कार्यों में तेजी लाने तथा ढमोला नदी किनारे रेलवे की जमीन पर फैली गंदगी की समस्या रखी। इस पर महापौर ने रेलवे को पत्र लिखने के निर्देश दिए। पशु चिकित्सा कल्याण अधिकारी डॉ. संदीप मिश्रा ने बताया कि एक हजार श्वानों की क्षमता वाले पशु केंद्र का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। महापौर ने निर्माण कार्यों के टेंडर, शुरू हुए कार्यों और अधूरे कार्यों की सूची भी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। बैठक में पार्षद ज्योति अग्रवाल, सुलेख चंद, गौरव कपिल और महमूद सहित अन्य पार्षदों ने भी अपने वार्डों की समस्याएं उठाईं।

Share This Article
Leave a comment