गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शालीमार गार्डन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार कथित नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब एक करोड़ रुपये कीमत की 969 ग्राम स्मैक बरामद की है। इसके अलावा स्मैक की 860 पुड़िया, 1 लाख 74 हजार 990 रुपये नकद, पीली धातु की तीन अंगूठियां और चार मोबाइल फोन भी बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में सक्रिय नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।
एक करोड़ की स्मैक के साथ चार आरोपी गिरफ्तार
डीसीपी ट्रांस हिंडन ने बताया कि 31 अक्टूबर को ऑपरेशन प्रहार के तहत शालीमार गार्डन पुलिस की टीम क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने डीएलएफ क्षेत्र में घेराबंदी कर चार संदिग्धों को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक और अन्य सामान बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब एक करोड़ रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद आरिफ (20), इमामुद्दीन (19), इशरान (25) और समाना (32) के रूप में हुई है। इनमें तीन आरोपी लखीमपुर खीरी के रहने वाले हैं, जबकि एक आरोपी दिल्ली के सीमापुरी क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके कब्जे से बरामद मादक पदार्थ, नकदी, मोबाइल फोन और अन्य सामान को जब्त कर लिया है।
तस्करी नेटवर्क और सप्लाई के स्रोत खंगाल रही पुलिस
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर स्मैक की खरीद-फरोख्त से जुड़े नेटवर्क, इसकी आपूर्ति के स्रोत और तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटा रही है। साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि बरामद स्मैक कहां से लाई गई थी और इसे किन क्षेत्रों में खपाने की तैयारी थी। पुलिस का कहना है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त अन्य लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
