——न्यूज एडिटर आरव शर्मा की जमीनी रिपोर्टिंग लाई रंग, डीएम रविंद्र कुमार मंदर के संज्ञान और सिंचाई विभाग की तत्परता से युद्धस्तर पर काम शुरू
गाजियाबाद (शिखर समाचार)। जमीनी हकीकत को बेबाकी से उजागर करने वाली जनपक्षीय पत्रकारिता का एक और बड़ा और सीधा असर गाजियाबाद में देखने को मिला है। हिंडन बैराज निरीक्षण मार्ग पर टूटी-बेंड हुई सुरक्षा जालियों, रस्सियों के सहारे टिके स्ट्रक्चर और घने अंधेरे के बीच रोजाना जान जोखिम में डालकर गुजर रहे हजारों राहगीरों की गंभीर समस्या को राष्ट्रीय शिखर ने 29 अगस्त को प्रमुखता से उठाया था।
राष्ट्रीय शिखर के न्यूज एडिटर आरव शर्मा ने मौके पर पहुंचकर बैराज की खस्ताहाल स्थिति से जुड़ी एक विस्तृत ग्राउंड वीडियो रिपोर्ट तैयार कर सोशल मीडिया और चैनल पर प्रसारित की थी। रिपोर्ट में स्पष्ट दिखाया गया था कि सिद्धार्थ विहार, प्रताप विहार, विजयनगर, वैशाली, वसुंधरा और एनएच-24 को जोड़ने वाले इस व्यस्त मार्ग पर सुरक्षा जालियां टूटकर झुक चुकी थीं और रस्सियों के जुगाड़ पर टिकी थीं, जो कभी भी किसी बाइक सवार या वाहन चालक पर गिरकर बड़े हादसे का कारण बन सकती थीं।
खबर का असर, बैराज पर शुरू हुआ मरम्मत कार्य
खबर के सोशल मीडिया पर आते ही जिला प्रशासन और संबंधित महकमे में हलचल मच गई। जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर के संज्ञान और सिंचाई विभाग (अधिशासी अभियंता कार्यालय) के अधिकारियों की संवेदनशीलता के चलते मामले पर तुरंत स्वतः संज्ञान लिया गया। विभाग ने बगैर किसी देरी के मौके पर सुरक्षा जालियों की पुनर्स्थापना, रेलिंग सुदृढ़ीकरण और प्रकाश व्यवस्था (लाइटिंग) दुरुस्त करने का निर्माण कार्य शुरू करा दिया है।

30 सितंबर तक बंद रहेगा निरीक्षण मार्ग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्य को सुचारू और सुरक्षित ढंग से पूरा कराने के लिए सिंचाई विभाग ने मौके पर चेतावनी बोर्ड भी स्थापित कर दिया है। बोर्ड के अनुसार, सुरक्षा जाली लगाने और मेंटेनेंस कार्य के चलते यह निरीक्षण मार्ग 1 सितंबर 2026 से 30 सितंबर 2026 तक आवागमन के लिए पूरी तरह बंद रहेगा।
जनहित से जुड़े इस अति-संवेदनशील मुद्दे पर त्वरित और ठोस कदम उठाने के लिए ‘राष्ट्रीय शिखर’ परिवार गाजियाबाद जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मंदर एवं सिंचाई विभाग के सभी जिम्मेदार अधिकारियों का आभार व्यक्त करता है। प्रशासन की इस सक्रियता से अब रोजाना गुजरने वाले हजारों लोगों का सफर सुरक्षित हो सकेगा।
