हापुड़ (शिखर समाचार)। जिले में बिना मान्यता संचालित किए जा रहे स्कूलों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने तीन स्कूलों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में कई अनियमितताएं सामने आने की बात कही गई है। विभाग की ओर से संबंधित स्कूल संचालकों को मान्यता संबंधी नियमों का पालन करने और आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का पालन नहीं करने पर स्कूलों को बंद कराने की चेतावनी दी गई है।
तीन स्कूलों का औचक निरीक्षण
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दीपा भाटी ने बताया कि गुरुवार को द टेक्नोस्पायर स्कूल, खड़खड़ी, किसान सहाय मॉडर्न पब्लिक स्कूल, बझीलपुर और सेठ गोविंद सहाय शिक्षा सदन, धनौरा का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान किसी भी स्कूल के प्रधानाचार्य अथवा प्रबंधक मान्यता से संबंधित आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत नहीं कर सके। इससे स्कूलों के संचालन को लेकर विभागीय स्तर पर सवाल खड़े हुए हैं।
आवासीय भवनों में संचालित मिले स्कूल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
निरीक्षण में यह भी सामने आया कि किसान सहाय मॉडर्न पब्लिक स्कूल और सेठ गोविंद सहाय शिक्षा सदन आवासीय भवनों में संचालित किए जा रहे थे। विभाग के अनुसार विद्यालयों के संचालन के लिए निर्धारित मानकों और नियमों का पालन करना अनिवार्य है। बिना मान्यता स्कूल संचालित करना नियमों के विरुद्ध है।
मान्यता के बाद ही संचालन के निर्देश
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
बीएसए ने स्कूल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मान्यता प्राप्त करने के बाद ही विद्यालयों का संचालन किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बिना मान्यता स्कूलों का संचालन जारी रखा गया या विभागीय निर्देशों का पालन नहीं किया गया तो संबंधित स्कूलों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उन्हें बंद कराया जाएगा।
