हरिद्वार (शिखर समाचार)। रुड़की कोतवाली क्षेत्र के ढंडेरा में प्रेम प्रसंग को लेकर युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मुठभेड़ के दौरान जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो अन्य आरोपियों को घेराबंदी और तलाशी अभियान के दौरान गिरफ्तार किया गया। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतूस और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
चेकिंग के पुलिस टीम पर की फायरिंग
पुलिस के अनुसार ढंडेरा निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत देकर बताया था कि अज्ञात लोगों ने उसके बेटे की हत्या कर दी है। शिकायत के आधार पर रुड़की कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 378/2026, धारा 103(1) और 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली कि हत्या के आरोपी मोटरसाइकिल से अपने कपड़े लेने आए हैं और नगला इमरती की ओर से राजमार्ग की तरफ जा रहे हैं।
पुलिस ने ढंडेरा गौतम फार्म हाउस के पास वाहनों की जांच शुरू की। संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोकने का प्रयास किया गया तो उस पर सवार तीन युवक भागने लगे। पीछा करने पर एक आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। कुछ दूरी पर मोटरसाइकिल छोड़कर आरोपी गन्ने के खेत की ओर भागे और वहां से भी पुलिस पर फायर किया। जवाबी कार्रवाई में सौरभ ताजपुरिया घायल हो गया, जबकि अर्पित सैनी और दीप यादव को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया गया।
बहन से प्रेम प्रसंग को लेकर रंजिश में हत्या का आरोप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि मृतक अमन का सौरभ की बहन से प्रेम प्रसंग था। पुलिस के अनुसार इसी रंजिश में आरोपियों ने शराब पीकर अमन की हत्या की योजना बनाई और ढंडेरा में उस पर फायरिंग की। गोली लगने से अमन की मौत हो गई, जबकि उसके साथ स्कूटी पर बैठा प्रशांत घायल हो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, दो खोखे, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की है।
