नवजात शिशुओं की तस्करी करने वाले गिरोह का टीला मोड़ पुलिस ने किया पर्दाफाश, 7 गिरफ्तार

Rashtriya Shikhar
3 Min Read
Tila Mod Police Bust Gang Involved in Newborn Baby Trafficking; 7 Arrested IMAGE CREDIT TO पुलिस

गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना टीला मोड़ पुलिस ने नवजात एवं छोटे बच्चों की तस्करी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए पांच पुरुष अभियुक्तों और दो महिलाओं समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। गिरोह द्वारा अपहृत किए गए तीन माह के मासूम बच्चे को पुलिस ने सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंप दिया है। बीती 11 अगस्त को करन गेट निवासी फरुकान पुत्र सरहुद्दीन ने थाना टीला मोड़ में तहरीर देकर बताया था कि नौशाद और उसकी पत्नी रुकसार ने उसके तीन माह के बेटे का अपहरण कर लिया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने तेजी से जांच शुरू की। मैनुअल इनपुट, सीसीटीवी फुटेज, सुरागरसी-पतारसी और सर्विलांस की मदद से आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई गई। सूचना के आधार पर पुलिस ने हिंडन नदी चौकी क्षेत्र फरुखनगर से गिरोह के सात सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से दो मोबाइल फोन बरामद किए और अपहृत मासूम को सकुशल बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

निःसंतान दंपतियों को मोटी रकम में बच्चे बेचने की थी योजना

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

पुलिस पूछताछ में सभी ने बताया कि वह योजनाबद्ध तरीके से नवजात और छोटे बच्चों को निशाना बनाकर उनका अपहरण करते थे। इसके बाद निःसंतान दंपतियों को मोटी रकम लेकर बच्चों को बेचने की योजना बनाई जाती थी। गिरोह के सदस्य महिलाओं के माध्यम से नवजात और छोटे बच्चों वाले परिवारों में घुल-मिलकर उनकी गतिविधियों की जानकारी जुटाते थे और मौका मिलते ही बच्चों को अपने साथ ले जाते थे।

तीन माह के मासूम को भी इसी उद्देश्य से 9 अगस्त को उसके घर से उठाया गया था। बच्चे को शामली के कांधला निवासी मौसीना पत्नी नफीस को बेचने की बात चल रही थी। बच्चे को सितारा के माध्यम से कांधला, शामली ले जाया जा रहा था, तभी पुलिस टीम ने सभी अभियुक्तों को गिरफ्तार कर मासूम को बरामद कर लिया। गिरोह अपनी पहचान और गतिविधियों को छिपाने के लिए स्थान बदल-बदलकर काम करता था।

सात गिरफ्तार, दो आरोपी अभी वांछित

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

गिरफ्तार अभियुक्तों में ऐनुल, नौशाद, नागेंद्र उर्फ सुक्का, नसीम, आबिद, सुमित्रा और रुकसार शामिल हैं। वहीं सितारा पत्नी सहलाद तथा मौसीना पत्नी नफीस को मामले में वांछित बताया गया है।

संवाददाता सम्मेलन में डीसीपी धवल जायसवाल ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित प्रकरण में मुकदमा दर्ज है और उनके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। गिरोह से जुड़े अन्य लोगों और इसके नेटवर्क के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।

Share This Article
Leave a comment