ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। शहर में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फीडबैक फाउंडेशन चैरिटेबल ट्रस्ट ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए विभिन्न संस्थानों और आवासीय सोसाइटियों में जागरूकता एवं प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए। अभियान के तहत इकोटेक-12 स्थित श्री भारत इंटरनेशनल कंपनी, सेक्टर-1 स्थित स्टेलर जीवन आवासीय सोसाइटी तथा सेक्टर-16सी स्थित 11वीं एवेन्यू आवासीय सोसाइटी में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इन शिविरों में संबंधित संस्थानों एवं आवासीय परिसरों के निवासी, प्रबंधन प्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और हाउसकीपिंग कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कचरे के पृथक्करण और वैज्ञानिक निस्तारण की दी गई जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान विशेषज्ञों ने प्रतिभागियों को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2026 के प्रमुख प्रावधानों, स्रोत पर कचरे के पृथक्करण, गीले एवं सूखे कचरे के वैज्ञानिक निस्तारण, पुनर्चक्रण तथा पर्यावरण संरक्षण के उपायों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही दैनिक जीवन में स्वच्छता संबंधी आदतों को अपनाने और सामूहिक सहभागिता बढ़ाने पर भी बल दिया गया।
स्वच्छ शहर के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभाने का आह्वान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
कार्यक्रम में संदेश दिया गया कि स्वच्छ, स्वस्थ और सतत शहर का निर्माण तभी संभव है, जब निवासी, प्रबंधन, प्रशासन और हाउसकीपिंग कर्मी अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें। आयोजकों ने बताया कि भविष्य में भी जनजागरूकता बढ़ाने के लिए इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जाएंगे।
