विक्रांत जाटव हत्याकांड: आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग पर 14 घंटे तक शव रखकर प्रदर्शन, आश्वासन के बाद हुआ अंतिम संस्कार

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Vikrant Jatav Murder Case: Protesters Kept the Body for 14 Hours Demanding Arrest of Accused; Last Rites Performed After Assurance IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

मोदीनगर (शिखर समाचार)। भोजपुर थाना क्षेत्र के चुड़ियाला गांव निवासी विक्रांत जाटव की हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर परिजनों और ग्रामीणों ने सोमवार रात से मंगलवार दोपहर तक करीब 14 घंटे तक चुड़ियाला पुलिस चौकी के सामने शव रखकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने फरार आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, उनकी गिरफ्तारी तथा उनके मकानों पर बुलडोजर चलाने की मांग उठाई। पुलिस अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने धरना समाप्त कर मृतक का अंतिम संस्कार किया।

मारपीट में घायल विक्रांत की उपचार के दौरान हुई मौत

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

जानकारी के अनुसार, 25 वर्षीय विक्रांत जाटव के साथ 10 जुलाई को गांव के ही कुछ युवकों ने कथित रूप से लाठी-डंडों से मारपीट की थी। गंभीर रूप से घायल विक्रांत का उपचार चल रहा था, लेकिन सोमवार सुबह अस्पताल में उसकी मृत्यु हो गई। पोस्टमार्टम के बाद सोमवार देर रात शव परिजनों को सौंपा गया, जिसके बाद वे शव लेकर चुड़ियाला पुलिस चौकी पहुंचे और वहीं धरने पर बैठ गए।

आरोपियों की गिरफ्तारी के आश्वासन पर समाप्त हुआ प्रदर्शन

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

सूचना मिलते ही रात में ग्रामीण पुलिस उपायुक्त सुरेंद्रनाथ तिवारी मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन परिजन अपनी मांगों पर अड़े रहे। मंगलवार दोपहर सहायक पुलिस आयुक्त भास्कर वर्मा ने मौके पर पहुंचकर परिजनों से वार्ता की।

उन्होंने आश्वासन दिया कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं और शीघ्र ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। अधिकारियों के आश्वासन के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त किया और विक्रांत जाटव का अंतिम संस्कार किया।

Share This Article
Leave a comment