हापुड़/सिंभावली (शिखर समाचार)। जनपद में विद्युत ट्रांसफार्मरों और नलकूपों के उपकरण चोरी करने वाले सक्रिय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए उसके पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। थाना सिंभावली और बहादुरगढ़ पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से करीब एक कुंटल तांबे का विद्युत तार, ट्रांसफार्मर चोरी में प्रयुक्त उपकरण, अवैध हथियार तथा दो कारें बरामद की गई हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों ने जिले में हुई दो बड़ी चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों के खिलाफ हापुड़, मेरठ, गाजियाबाद और गौतमबुद्ध नगर समेत विभिन्न जनपदों में करीब दो दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
गंगा एक्सप्रेस-वे सर्विस रोड के पास घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने पुलिस कार्यालय सभागार में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि थाना सिंभावली और बहादुरगढ़ पुलिस की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर हिम्मतपुर के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड से पहले स्थित अंडरपास के पास घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में आरोपियों की पहचान आसिफ पुत्र मुस्तकीम निवासी महपा रोड, सिवास खास, थाना जानी (मेरठ), आस मोहम्मद उर्फ आशू पुत्र इस्लामुद्दीन निवासी नानू, थाना सरधना (मेरठ), मोहम्मद आरिफ पुत्र याद इलाही निवासी द्वारकापुरी, जसीपुरा, दिल्ली गेट, समीर पुत्र रियाजुद्दीन निवासी रसूलपुर सिकरोड़ा, थाना मसूरी (गाजियाबाद) तथा शाहिद पुत्र आजाद निवासी नंदग्राम (गाजियाबाद) के रूप में हुई है।
दो चोरी की घटनाओं का खुलासा, सुनसान इलाकों में बनाते थे निशाना
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से करीब एक कुंटल तांबे का विद्युत तार, ट्रांसफार्मर और विद्युत उपकरण चोरी करने में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार, अवैध हथियार और दो कारें बरामद की गई हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने 25 अप्रैल को ग्राम फुलहेड़ा के जंगल से नलकूप की मोटर चोरी और 16 जून को ग्राम माधापुर के जंगल से विद्युत ट्रांसफार्मर के उपकरण चोरी करने की घटना को स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरोह लंबे समय से सुनसान क्षेत्रों में लगे ट्रांसफार्मरों और कृषि नलकूपों को निशाना बनाता था। आरोपी तांबे के तार और अन्य कीमती उपकरण चोरी कर उन्हें बेच देते थे।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस, अन्य सदस्यों की तलाश जारी
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। इनके खिलाफ विद्युत तार चोरी, शस्त्र अधिनियम सहित विभिन्न गंभीर धाराओं में मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर और हापुड़ में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस अन्य चोरी की घटनाओं में भी आरोपियों की संलिप्तता की जांच कर रही है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश भी जारी है।
