हादसों को न्योता देता बुढ़ाना कांधला मार्ग, जलभराव से बढ़ा खतरा, पूर्व विधायक ने लिया संज्ञान

Rashtriya Shikhar
2 Min Read
Budhana-Kandhla Road Inviting Accidents; Waterlogging Increases Risk, Former MLA Takes Cognizance IMAGE CREDIT TO रिपोर्टर

बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। बुढ़ाना कस्बे के कांधला मार्ग पर मानसून की बारिश शुरू होते ही जलभराव और सड़क पर बने गहरे गड्ढों की समस्या ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। सड़क पर भरे पानी के कारण गड्ढे दिखाई नहीं दे रहे हैं, जिससे हर समय दुर्घटना की आशंका बनी हुई है।

यह मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया और चारपहिया वाहन, ई-रिक्शा तथा स्कूली वाहन गुजरते हैं। ऐसे में स्कूली बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों में चिंता बढ़ गई है।

हर साल बरसात में बिगड़ते हैं हालात, स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में रोष

ALSO READ:https://www.jagran.com/uttar-pradesh/ghaziabad-indirapuram-woman-death-family-halts-last-rites-demands-probe-40199229.html

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क की बदहाल स्थिति और जल निकासी व्यवस्था के अभाव के कारण हर वर्ष बरसात के मौसम में यही हालात पैदा हो जाते हैं। जलभराव के चलते वाहन चालक संतुलन खो रहे हैं और राहगीरों को भी भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

लोगों के अनुसार कई बार वाहन चालक गड्ढों में गिरकर चोटिल हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया है। इससे क्षेत्रवासियों में नाराजगी बनी हुई है।

पूर्व विधायक उमेश मलिक ने लोक निर्माण विभाग से की समाधान की मांग

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/

बुधवार को कस्बे के डाक बंगले पहुंचे पूर्व विधायक उमेश मलिक ने आमजन की शिकायतों का संज्ञान लिया। उन्होंने मौके से ही लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अभिषेक सिंह से फोन पर वार्ता कर समस्या की गंभीरता से अवगत कराया।

पूर्व विधायक ने जलभराव की समस्या के शीघ्र समाधान और सड़क की मरम्मत कराने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि बरसात के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा सड़क की स्थिति सुधारने के साथ जल निकासी की समुचित व्यवस्था जल्द सुनिश्चित की जानी चाहिए।

इस दौरान पूर्व सैनिक प्रकोष्ठ के जिला संयोजक ब्रजपाल सहरावत, भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष मोनू मलिक और कुलदीप बागड़ी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Share This Article
Leave a comment