हापुड़ (शिखर समाचार)। जनपद में रविवार को राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी कविता मीना के निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा के नेतृत्व में जिले के 692 पोलियो केंद्रों पर शून्य से पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियोरोधी दवा की खुराक पिलाई गई। अभियान के पहले दिन बड़ी संख्या में अभिभावक अपने बच्चों को लेकर केंद्रों पर पहुंचे, जहां स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने उन्हें पोलियो की दवा पिलाई। अभियान का उद्देश्य जनपद के प्रत्येक पात्र बच्चे तक पोलियोरोधी दवा पहुंचाकर पोलियो मुक्त भारत के संकल्प को मजबूत करना है।
2.74 लाख से अधिक बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने बताया कि इस बार जनपद में कुल 2 लाख 74 हजार 600 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पहले से व्यापक तैयारियां की हैं तथा सभी केंद्रों पर आवश्यक दवाएं, प्रशिक्षित स्वास्थ्यकर्मी और अन्य व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
सोमवार से चलेगा घर-घर विशेष अभियान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि केंद्र दिवस के बाद सोमवार से विशेष घर-घर अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए 530 टीमें गठित की गई हैं, जो उन बच्चों तक पहुंचेंगी जो किसी कारणवश केंद्रों पर नहीं आ सके। प्रत्येक टीम यह सुनिश्चित करेगी कि जनपद का कोई भी पात्र बच्चा पोलियोरोधी दवा की खुराक से वंचित न रह जाए।
अभिभावकों से बच्चों को पोलियो की दो बूंद पिलाने की अपील
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
जिलाधिकारी कविता मीना और मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. किशोर कुमार आहूजा ने जनपदवासियों से अपील की कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलवाएं। उन्होंने कहा कि पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से बच्चों को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक अभिभावक की सहभागिता आवश्यक है। सभी नागरिकों के सहयोग से ही पोलियो मुक्त भारत का लक्ष्य पूरी तरह साकार किया जा सकता है।
