ग्रेटर नोएडा (शिखर समाचार)। कोरिया गणराज्य के व्यापार, उद्योग एवं संसाधन मंत्रालय, कोरियाई दूतावास और कोरिया व्यापार-निवेश प्रोत्साहन एजेंसी (कोट्रा) के प्रतिनिधियों ने गुरुवार को यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यीडा) का दौरा कर क्षेत्र में निवेश की संभावनाओं का अध्ययन किया। प्रतिनिधिमंडल ने यीडा क्षेत्र में विकसित हो रहे औद्योगिक एवं अवसंरचनात्मक परियोजनाओं की जानकारी प्राप्त की।
कोरियाई प्रतिनिधिमंडल ने किया यीडा का दौरा
प्रतिनिधिमंडल में कोरिया के व्यापार, उद्योग एवं संसाधन मंत्रालय के निदेशक किम जिनसू, उपनिदेशक कांग होंग कू, कोरियाई दूतावास के वाणिज्यिक परामर्शदाता सुंगजोंग चो, कोट्रा दक्षिण एशिया मुख्यालय के प्रबंध निदेशक डोंगह्योन किम तथा भारत-कोरिया व्यापार सहयोग प्रकोष्ठ के कार्यकारी निदेशक जैवूक (जेक) ली शामिल रहे।
यीडा के अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी शैलेंद्र कुमार भाटिया ने प्रतिनिधिमंडल को क्षेत्र की निवेश संभावनाओं पर प्रस्तुतीकरण दिया। उन्होंने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के संचालन, उत्कृष्ट संपर्क व्यवस्था तथा एस्कॉर्ट्स कुबोटा, एचसीएल-फॉक्सकॉन सहित कई प्रमुख निवेशकों की मौजूदगी ने यीडा क्षेत्र को निवेश के लिए अत्यंत आकर्षक बना दिया है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण, चिकित्सा उपकरण, ऑटोमोबाइल पुर्जों और अन्य उभरते औद्योगिक क्षेत्रों में तेजी से निवेश हो रहा है।
‘कोरियन सिटी’ परियोजना से बढ़ेगा निवेश सहयोग
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
भाटिया ने सेक्टर-4ए में प्रस्तावित ‘कोरियन सिटी’ की भी जानकारी दी। लगभग 900 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाली इस परियोजना में औद्योगिक, आवासीय, वाणिज्यिक और संस्थागत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। उन्होंने बताया कि नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे तथा समर्पित मालवाहक गलियारों से बेहतर संपर्क होने के कारण यह क्षेत्र कोरियाई निवेश के लिए अत्यंत उपयुक्त है।
प्रस्तुतीकरण के बाद प्रतिनिधिमंडल ने संभावित निवेश के लिए चिन्हित भूमि पार्सलों का भी निरीक्षण किया। इस दौरे से कोरियाई उद्योगों और यीडा के बीच निवेश सहयोग को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
