पिलखुवा में अस्पताल में महिला की मौत के बाद हंगामा, लापरवाही के आरोप
हापुड़ (शिखर समाचार)। थाना पिलखुवा क्षेत्र स्थित नेशनल हाईवे-9 के एक निजी अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला की मौत हो जाने के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। परिजनों ने अस्पताल कर्मियों पर अभद्रता और मारपीट के भी आरोप लगाए हैं।
ऑपरेशन के लिए भर्ती महिला की इलाज के दौरान मौत
जानकारी के अनुसार भोजपुर थाना क्षेत्र के अमराला गांव निवासी अनीता देवी को ऑपरेशन के लिए पिलखुवा स्थित रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि उपचार के दौरान महिला की हालत लगातार बिगड़ती गई और बाद में उसकी मौत हो गई।
परिजनों का कहना है कि गलत उपचार के कारण ही अनीता देवी की जान गई।
अस्पताल में हंगामा, अभद्रता और मारपीट के आरोप
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/kv-ntpc-badarpur-closure-sparks-protest/
महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया कि विरोध के दौरान अस्पताल के सुरक्षाकर्मियों और कर्मचारियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया और मारपीट भी की। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना पिलखुवा में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी निरीक्षक अतुल चौहान ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और जांच के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
