गाजियाबाद (शिखर समाचार)। दिल्ली से सटे गाजियाबाद में प्रशासन द्वारा अवैध रूप से संचालित मदरसों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। शनिवार को जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी के नेतृत्व में इंदिरापुरम और लोनी क्षेत्र में दो अवैध मदरसों को सील कर दिया गया।
इंदिरापुरम के ग्राम कनावनी स्थित जामिया खलीफा ए राशिदीन और लोनी के अशोक विहार स्थित इस्लामिया अरबिया कशिफुल उलूम को प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में सील किया। कार्रवाई के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और ढोल बजाकर अनाउंसमेंट भी किया गया।
पंजीकरण और सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जांच में पाया गया कि दोनों मदरसे विभाग में पंजीकृत नहीं थे। इनके पास मदरसा सोसायटी का वैध व जीवित पंजीकरण प्रमाण पत्र भी नहीं मिला।
जांच में यह भी सामने आया कि परिसर में अग्निशमन विभाग की अनापत्ति (NOC) और विद्युत सुरक्षा प्रमाणपत्र मौजूद नहीं थे। इसके अलावा बच्चों के लिए पर्याप्त साफ-सफाई, बैठने की उचित व्यवस्था तथा बालक-बालिकाओं के लिए अलग शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाओं का भी अभाव पाया गया।

बाल अधिकारों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
नोटिस में कहा गया कि इन कमियों के कारण यह बाल अधिकारों का उल्लंघन है और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता है। इन्हीं गंभीर खामियों के चलते प्रशासन ने दोनों मदरसों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया।
प्रबंधकों को एक सप्ताह के भीतर अपना पक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि बिना अनुमति संचालित मदरसों की पहचान लगातार की जा रही है। नियमों के विरुद्ध चल रहे सभी संस्थानों के खिलाफ इसी तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
