बिजनौर (शिखर समाचार)।
नगर के मंडावर मार्ग स्थित लाइफ लाइन हॉस्पिटल में रविवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब अस्पताल के एक पूर्व टेक्नीशियन ने संचालक पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से फायर कर दिया। राहत की बात यह रही कि अस्पताल संचालक डॉ. अशोक चाहल हमले में बाल-बाल बच गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया।
नशे की हालत में अस्पताल पहुंचा आरोपी
पुलिस क्षेत्राधिकारी नगर संग्राम सिंह ने बताया कि रात करीब 11 बजे अस्पताल में फायरिंग की सूचना मिली थी। जांच में सामने आया कि आरोपी डॉ. सौरभ त्यागी नशे की हालत में अस्पताल पहुंचा था। उसने पहले अस्पताल कर्मियों से फोन पर गाली-गलौज की और बाद में सीधे अस्पताल पहुंचकर हंगामा शुरू कर दिया।
आरोपी ने डॉ. अशोक चाहल को केबिन से बाहर बुलाकर बातचीत की, लेकिन विवाद बढ़ने पर उसने पिस्टल निकालकर गोली चला दी।

पूर्व कर्मचारी था आरोपी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के अनुसार आरोपी करीब पांच वर्ष पहले अस्पताल के डायलिसिस विभाग में टेक्नीशियन के पद पर कार्यरत था। उस दौरान अस्पताल प्रबंधन से विवाद होने के बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी।
पुलिस ने आरोपी को मौके से ही पकड़ लिया और उसकी लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में ले ली। मामले में पूछताछ जारी है तथा संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
