गाजियाबाद (शिखर समाचार)।
दिल्ली पब्लिक स्कूल एचआरआईटी किड्स कृष्णा एन्क्लेव राजनगर एक्सटेंशन द्वारा मातृ दिवस समारोह का भव्य आयोजन हीरा स्वीट्स सभागार, वीवीआईपी मॉल, राजनगर एक्सटेंशन में उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में माताओं और बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया। समारोह के दौरान रैंप वॉक, नृत्य, गायन और विभिन्न गतिविधियों ने माहौल को भावुक और आनंदमय बना दिया।
माताओं का हुआ आत्मीय स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचने वाली सभी माताओं का बैज लगाकर और तिलक कर आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह की मुख्य अतिथि डीपीएस एचआरआईटी कैम्पस की प्रधानाचार्या नंदनी शेखर रहीं, जबकि गाजियाबाद विकास मंच के संयोजक अभिषेक शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
मैं और माँ विषय पर आयोजित विशेष गतिविधियों में माताओं और बच्चों की जोड़ियों ने शानदार भागीदारी की। बच्चों ने अपनी माताओं के साथ मंच पर आकर्षक प्रस्तुतियां देकर सभी को भावुक कर दिया। रैंप वॉक के दौरान माँ और बच्चों की जोड़ी आकर्षण का केंद्र बनी रही। इसके अलावा गायन और नृत्य की प्रस्तुतियों ने समारोह में चार चांद लगा दिए। कई माताओं ने भी मंच से अपने विचार व्यक्त करते हुए माँ के महत्व और बच्चों के जीवन में उसकी भूमिका पर प्रकाश डाला।
अतिथियों ने बताया माँ को संस्कारों की आधारशिला
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
मुख्य अतिथि नंदनी शेखर ने अपने संबोधन में कहा कि माँ बच्चे की पहली गुरु होती है और उसके संस्कारों की सबसे बड़ी आधारशिला भी। उन्होंने कहा कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण में माँ की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। वहीं अभिषेक शर्मा ने कहा कि एक सशक्त और संस्कारी माँ ही सशक्त समाज और बेहतर भविष्य का निर्माण करती है।
माताओं का हुआ सम्मान
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
समारोह के दौरान प्राची, गरिमा त्यागी, रूबी, प्रेरणा, कनिका, पूजा, पूनम, छवि, प्रियंका, मेघा, श्वेता, सोनिया, सोनी राय, हिना, आरती, बंदना, मीतू, टीना, शालिनी, राजकुमारी, मीना शुक्ला, संगीता चौहान, पूनम गुप्ता, बबीता, सरिता, पल्लवी और तनु सहित उपस्थित सभी माताओं को पटका पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के अंत में संचालिका दिव्या त्यागी ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सभी माताओं और उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद किया। समारोह का समापन भावनात्मक और उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ।
