गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना शालीमार गार्डन क्षेत्र में पुलिस चेकिंग के दौरान एक टेंपो से भारी मात्रा में सिंथेटिक पनीर बरामद किया गया। पुलिस ने मौके से दो लोगों को हिरासत में लेकर खाद्य विभाग को सूचना दी।
चेकिंग के दौरान टेंपो से मिला संदिग्ध पनीर
चेकिंग के दौरान पुलिस को एक टेंपो आता हुआ दिखाई दिया। संदेह होने पर जब टेंपो की तलाशी ली गई तो उसमें नीले ड्रम रखे हुए मिले। ड्रम खोलकर जांच की गई तो उनमें पनीर भरा हुआ था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया और खाद्य विभाग को बुलाया।
जांच में सामने आया सिंथेटिक पनीर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/noida-sewer-accident-ceo-takes-strict-action/
खाद्य विभाग की टीम मौके पर पहुंची और पनीर के सैंपल लेकर जांच की। जांच में पाया गया कि बरामद पनीर सिंथेटिक है। टीम द्वारा जब पनीर का वजन किया गया तो वह करीब 900 किलो निकला। इसके बाद पूरे पनीर को नष्ट कर दिया गया।
मथुरा से दिल्ली ले जाया जा रहा था पनीर
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
खाद्य अधिकारी आशुतोष राय ने बताया कि पुलिस से सूचना मिलने के बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। जांच में सामने आया कि टेंपो मथुरा से दिल्ली की ओर जा रहा था। फिलहाल हिरासत में लिए गए दोनों अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है कि यह सिंथेटिक पनीर कहां से लाया गया था और इसे दिल्ली में किसे सप्लाई किया जाना था।
