शामली (शिखर समाचार)। शहर कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में जीएसटी चोरी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है, जो फर्जी बिलों के जरिए सरकारी राजस्व को भारी नुकसान पहुंचा रहा था।
फर्जी फर्म बनाकर की जा रही थी जीएसटी चोरी
रविवार को पुलिस लाइन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान एसपी एनपी सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली पुलिस व सर्विलांस टीम ने विशाल राजवंशी पुत्र श्योजीराम राजवंशी निवासी नोरपुरा टोंक, राजस्थान को गिरफ्तार किया है। आरोपी फर्जी बिलों के माध्यम से जीएसटी की चोरी करता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी ने फर्जी बिलों के जरिए जीएसटी इनपुट टैक्स क्रेडिट का दुरुपयोग कर सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाया। उसने बी.आर ट्रेडर्स नाम से एक फर्जी फर्म बनाई थी। इस फर्म का पंजीकरण 15 जनवरी 2025 को फर्जी आधार कार्ड और दस्तावेजों के आधार पर कराया गया था।
जांच में नहीं मिला फर्म का अस्तित्व, पंजीकरण रद्द
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
इसके बाद आरोपी विभिन्न फर्मों के नाम पर केवल कागजों में खरीद-फरोख्त दिखाकर जीएसटी चोरी करता रहा। जब जीएसटी विभाग ने फर्म का निरीक्षण किया, तो उसका कोई भौतिक अस्तित्व नहीं मिला। इसके चलते 27 जनवरी 2025 को फर्म का पंजीकरण रद्द कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अधिक पैसा कमाने के उद्देश्य से फर्जी फर्म बनाई थी और फर्जी बिलों का उपयोग कर करोड़ों रुपये की जीएसटी चोरी की। उसने यह भी बताया कि फर्म का पंजीकरण रद्द होने के बाद भी वह धोखाधड़ी करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को जेल भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
