गाजियाबाद (शिखर समाचार)। नगर निगम मुख्यालय पर बुधवार को टाउन वेंडिंग कमेटी की बैठक हुई। नगर आयुक्त विक्रमादित्य सिंह मलिक की उपस्थिति में पुराने संदर्भों को सुलझाने के लिए विशेष रूप से चर्चा हुई और योजना बनाई गई।
वेंडिंग जोन और बाजारों के स्थान चयन पर चर्चा
इस दौरान वसुंधरा जोन तथा सिटी जोन के वेंडिंग जोन के पेंडिंग संदर्भों पर प्रस्ताव कमेटी के सदस्यों द्वारा रखा गया। जाम की समस्या से निजात दिलाने के क्रम में टाउन वेंडिंग कमेटी द्वारा वेंडिंग जोन, साप्ताहिक बाजार एवं दैनिक बाजार हेतु स्थान का चयन किया जा रहा है, जिसमें विजयनगर तथा सिटी जोन के लिए बैठक में विस्तार से चर्चा हुई।
नगर आयुक्त ने आदेश दिया कि स्थानों की सूची को यातायात पुलिस विभाग से भी संस्तुति प्रदान की जाए। टाउन वेंडिंग कमेटी, जोनल प्रभारी तथा यातायात पुलिस संयुक्त रूप से स्थलीय निरीक्षण करें और रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए साप्ताहिक एवं दैनिक बाजारों के लिए प्रस्ताव तैयार करें।
संयुक्त निरीक्षण और ट्रैफिक पुलिस की संस्तुति अनिवार्य
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
बैठक में अपर नगर आयुक्त अवनींद्र कुमार, मुख्य कर निर्धारण अधिकारी एसके राय, मुख्य अभियंता निर्माण नरेंद्र कुमार चौधरी, प्रभारी उद्यान डॉ. अनुज सहित समस्त जोन के प्रभारी, ट्रैफिक पुलिस विभाग की टीम, डूडा विभाग, पीडब्ल्यूडी, श्रम विभाग और अग्निशमन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। नगर आयुक्त ने बताया कि शहर हित में लगातार जोनल प्रभारी की देखरेख में वेंडिंग जोन के लिए स्थान चयन का कार्य चल रहा है। सभी जोन में साप्ताहिक और दैनिक बाजारों के लिए स्थान लगभग तय किए जा चुके हैं।
वसुंधरा जोन में पूर्व में लगे कियोस्क को लेकर भी चर्चा की गई तथा समाधान के लिए योजना तैयार की जा रही है। अंतिम निर्णय ट्रैफिक पुलिस की संस्तुति के बाद लिया जाएगा, जिससे शहर को जाम से राहत मिल सके और रेहड़ी-पटरी व्यापारियों के हितों का भी ध्यान रखा जा सके।
