हापुड़ (शिखर समाचार)। नगर पालिका परिषद की शनिवार को आयोजित बोर्ड बैठक हंगामे और तीखे विरोध के बीच संपन्न हुई। विरोध के बावजूद करीब 40 करोड़ रुपये के सभी 81 प्रस्तावों को मंजूरी दे दी गई। बैठक से पहले पांचों नामित सभासदों ने शपथ ग्रहण किया।
सभासदों ने उठाए शहर की समस्याएं
बैठक के दौरान सभासदों ने शहर की विभिन्न समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। सभासद अमित मोनू बजरंग ने शहर में बढ़ती बंदर और आवारा कुत्तों की समस्या पर नाराजगी जताते हुए अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल उठाए। नितिन पाराशर ने स्वर्ग आश्रम रोड स्थित श्मशान घाट की जर्जर स्थिति का मुद्दा उठाया।
सभासद अब्दुल मलिक ने नगर में वाहनों की संख्या बढ़ाने और बारिश से पहले सभी पुलियों की सफाई कराने की मांग रखी। आदित्य सूद ने रेलवे रोड की फैंसी लाइटें ठीक कराने और एक पार्क में भगवान वाल्मीकि की प्रतिमा स्थापित कराने की बात कही। वहीं रुद्राक्ष त्यागी ने फॉगिंग पर प्रतिदिन हो रहे 41 हजार रुपये के खर्च की जांच की मांग करते हुए इसे संभावित घोटाला बताया।
कूड़ा प्रबंधन शुल्क को लेकर हंगामा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
सबसे अधिक हंगामा शहर के करीब 38 हजार भवनों पर कूड़ा उठाने के लिए प्रस्तावित 50 रुपये मासिक शुल्क को लेकर हुआ। सभासदों ने इस प्रस्ताव का कड़ा विरोध करते हुए कहा कि हाल ही में गृह, जल और सीवर कर पहले ही बढ़ाया जा चुका है।
अधिशासी अधिकारी संजय मिश्रा ने बताया कि प्रदेश की अन्य नगर निकायों की तरह यहां भी यूजर चार्ज वसूले जाने के निर्देश हैं, जिससे कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सके। हालांकि, सभासदों के जबरदस्त विरोध के चलते यह प्रस्ताव फिलहाल रोक दिया गया।
