मेरठ (शिखर समाचार)।
आगामी हनुमान जयंती को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के लिए मेरठ परिक्षेत्र में व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। इस वर्ष 2 अप्रैल 2026 को मनाए जाने वाले इस पर्व को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। परिक्षेत्र के जनपद मेरठ, बुलन्दशहर, बागपत और हापुड़ में कुल 65 शोभायात्राएं तथा 137 अन्य धार्मिक कार्यक्रम जैसे पूजा-अर्चना, भंडारा और सांस्कृतिक आयोजन प्रस्तावित हैं।
सुरक्षा व्यवस्था और तैनाती
मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने बताया कि सुरक्षा के दृष्टिगत कुल 2215 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इनमें 5 अपर पुलिस अधीक्षक, 23 क्षेत्राधिकारी, 85 निरीक्षक, 362 उपनिरीक्षक, 555 मुख्य आरक्षी, 770 आरक्षी और 415 होमगार्ड एवं पीआरडी के जवान शामिल हैं। इसके अतिरिक्त एक कंपनी प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी भी लगाई गई है। पूरे परिक्षेत्र में कुल 288 हनुमान मंदिर चिन्हित किए गए हैं, जिनमें मेरठ में 95, बुलन्दशहर में 113, बागपत में 26 और हापुड़ में 54 मंदिर शामिल हैं।
संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
शोभायात्राओं के मार्गों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है। कुल 57 स्थानों को संवेदनशील या हॉटस्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है, जिनमें बुलन्दशहर में 37, हापुड़ में 13 और मेरठ में 7 स्थान शामिल हैं। इन क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जाएगी और अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
पूर्व तैयारी और समन्वय बैठकें
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/decorated-a-government-school-with-her-salary/
त्योहार को लेकर पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व तैयारियों के तहत विभिन्न स्तरों पर बैठकें आयोजित की गई हैं। शांति समिति, धर्मगुरुओं एवं संभ्रांत नागरिकों के साथ 88 बैठकें, अन्य विभागों जैसे नगर निगम, स्वास्थ्य और विद्युत विभाग के साथ 73 समन्वय बैठकें तथा आयोजकों के साथ 80 गोष्ठियां आयोजित की गई हैं। डीआईजी ने सभी जनपद प्रभारियों को निर्देश दिया है कि शोभायात्राओं के मार्गों का पूर्व निरीक्षण किया जाए और हर छोटी घटना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
विशेष सुरक्षा उपाय और महिला सुरक्षा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/bank-of-baroda-celebrate-118th-foundation-day/
मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष फ्लैग मार्च कराया जाएगा और असामाजिक एवं साम्प्रदायिक तत्वों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। स्थानीय अभिसूचना इकाई को भी सतर्क किया गया है। महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए शोभायात्राओं के दौरान सादी वर्दी में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। अग्नि एवं विद्युत संबंधी दुर्घटनाओं से बचाव के लिए अग्निशमन विभाग सक्रिय रहेगा।
सोशल मीडिया निगरानी
सोशल मीडिया पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भ्रामक या भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और गलत सूचनाओं का तत्काल खंडन किया जाएगा। पुलिस प्रशासन का उद्देश्य है कि हनुमान जयंती पूरे परिक्षेत्र में भाईचारे और शांति के साथ संपन्न हो तथा आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
