बिजनौर (शिखर समाचार)।
जनपद Bijnor के थाना नहटौर क्षेत्र के गांव मुकर्रमपुर में रविवार को गुलदार के हमले में 10 वर्षीय मासूम बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
घटना का विवरण
जानकारी के अनुसार गांव मुकर्रमपुर निवासी 10 वर्षीय बालिका अदिति रविवार सुबह करीब 11 बजे अपनी मां के साथ जंगल की ओर गई थी। लौटते समय झाड़ियों में घात लगाए बैठे गुलदार ने अचानक बच्ची पर हमला कर दिया। मासूम गंभीर रूप से घायल हो गई।
मां के शोर मचाने पर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर दौड़े। गुलदार बच्ची को छोड़कर जंगल की ओर भाग गया। अदिति को घायल अवस्था में तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नहटौर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसकी सूचना मिलते ही परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रशासन और वन विभाग की प्रतिक्रिया
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/the-leadership-of-ceo-rakesh-kumar-singh/
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। क्षेत्राधिकारी धामपुर Abhay Kumar Pandey ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वन विभाग और राजस्व विभाग को भी सूचना दी गई है। पीड़ित परिवार को नियमानुसार आर्थिक सहायता दिलाने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
क्षेत्राधिकारी ने बताया कि ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में पहले भी गुलदार देखे जा चुके हैं, लेकिन वन विभाग द्वारा ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लगातार बढ़ रही गुलदार की गतिविधियों से ग्रामीणों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ा जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटना की पुनरावृत्ति न हो।
