दूसरी शादी रुकवाने पहुंचा पहला पति, विवाह स्थल पर बवाल, दुल्हन नए वर के साथ वाहन में बैठकर चली गई

Rashtriya Shikhar
4 Min Read
First husband arrives to stop second marriage, chaos at the wedding venue; bride leaves with the new groom in a vehicle IMAGE CREDIT TO REPORTER

शामली (शिखर समाचार)
अब तक अक्सर ऐसे किस्से सुनने को मिलते रहे हैं कि पति की दूसरी शादी रुकवाने के लिए पत्नी मंडप तक जा पहुंची। लेकिन शामली में सामने आया मामला इससे बिल्कुल उलट निकला। यहां पहली शादी का पति ही दूसरी शादी रुकवाने के इरादे से पहुंचा, मगर तमाम हंगामे के बीच दुल्हन नए वर के साथ वाहन में बैठकर वहां से निकल गई और पीछे रह गया विवाद, चोट और पुलिस की जांच।

शादी समारोह में भिड़े दोनों पक्ष: पहले पति की मौजूदगी से दुल्हन की विदाई पर संकट

ALSO READ:https://www.amarujala.com/delhi-ncr/ghaziabad/cold-wave-today-yellow-alert-for-fog-again-from-tomorrow-ghaziabad-news-c-30-gbd1036-802437-2026-01-15?src=top-subnav

शामली नगर के बलभद्र मंदिर वाली गली में आयोजित एक विवाह समारोह उस समय अचानक तनावपूर्ण हो गया, जब मेरठ निवासी अजय पुनिया अपने परिवार के साथ मौके पर पहुंच गया। उस समय दुल्हन की विदाई की रस्म चल रही थी। पहले पति को देखकर समारोह में मौजूद लोगों में खलबली मच गई और देखते ही देखते दोनों पक्ष आमने सामने आ गए।
पहले पति का कहना है कि उसका विवाह करीब छह वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर जनपद के फुगाना गांव की युवती से हुआ था और उनकी एक बेटी भी है। वैवाहिक विवाद के चलते पत्नी पिछले काफी समय से मायके में रह रही है। मामला न्यायालय में विचाराधीन है और अभी तक वैधानिक रूप से तलाक नहीं हुआ है। इसके बावजूद उसे सूचना मिली कि उसकी पत्नी दूसरी शादी कर रही है।

शादी समारोह में मारपीट और विदाई में विवाद, पहले पति ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई

ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/

सूचना मिलते ही वह अपने माता पिता और अन्य परिजनों को लेकर विवाह स्थल पर पहुंचा और शादी रुकवाने का प्रयास किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले तो बहस हुई, फिर बात धक्का मुक्की और मारपीट तक पहुंच गई। इसी दौरान पहले पति के पिता को गंभीर चोट लगी और वे लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच बचाव कराया।
हंगामे के बीच पहला पति और उसके परिजन दुल्हन को रोकने की कोशिश करते रहे, लेकिन स्थिति का फायदा उठाकर दुल्हन अपने नए वर के साथ चार पहिया वाहन में बैठकर वहां से रवाना हो गई। पूरा घटनाक्रम वहां मौजूद लोगों ने अपने फोन में कैद कर लिया, जो अब सामाजिक मंचों पर तेजी से वायरल हो रहा है।
घटना के बाद पहला पति अपने घायल पिता के साथ कोतवाली पहुंचा और पुलिस को लिखित प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की। उसका आरोप है कि बिना तलाक दूसरी शादी करना कानून के विरुद्ध है और जब उसने इसे रोकना चाहा तो उसके परिवार पर हमला किया गया।
पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों से जानकारी जुटाई जा रही है। विवाह की कानूनी स्थिति, न्यायालय में चल रहे वाद और मारपीट की घटना सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Share This Article
Leave a comment