गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में पति हरिशंकर ने अपनी ही पत्नी संजू की हत्या के लिए सुपारी देकर पूरा षड्यंत्र रच दिया। पुलिस ने घटना का खुलासा करते हुए आरोपी पति और उसके चार साथियों को गिरफ्तार किया है। महिला की हत्या करने के लिए उसके पति ने ही उसपर गोली चलावाई थी। बीती 26 जनवरी 2026 को हरिशंकर निवासी बी-61 लालबाग लोनी ने थाना लोनी बॉर्डर पर सूचना दी थी कि उसकी पत्नी संजू को बाजार से लौटते समय दो अज्ञात नकाबपोशों ने गोली मार दी है और उसे अपने पड़ोसियों पर शक है। इस सूचना पर थाना लोनी बॉर्डर में सुसंगत धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर तत्काल घटना के अनावरण के लिए पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस को सूचना प्राप्त हुई, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने विनीत राजपूत, विभोर शर्मा, हरिशंकर उर्फ हरीश उर्फ सोनू, राज बैसला और अर्जुन को गिरफ्तार किया। अभियुक्तों के कब्जे से एक पिस्टल 32 बोर और एक अदद जिंदा कारतूस 32 बोर बरामद किया गया।
शक ने जन्म दिया हत्या की साजिश को: पत्नी पर गोली चलाने का मामला उजागर, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि वादी स्वयं ही इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता है। पूछताछ में आरोपी हरिशंकर ने स्वीकार किया कि उसे अपनी पत्नी के अवैध संबंधों का शक था। इसी शक के चलते उसने अपनी पत्नी को रास्ते से हटाने की लिए योजना बनाई थी। वारदात को पड़ोसियों पर डालकर उन्हें फंसाने की मंशा से झूठा मुकदमा दर्ज कराया था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर योजना बनाई और विभोर शर्मा से पिस्टल ली। योजना के तहत 25 जनवरी 2026 को बाजार से लौटते समय उसके कहने पर विनीत राजपूत ने उसकी पत्नी पर गोली चला दी, जिससे उसकी हत्या का प्रयास किया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त विभोर शर्मा एक शातिर अपराधी है, जिसके खिलाफ गाजियाबाद और दिल्ली के विभिन्न थानों में 20 आपराधिक मुकदमे पंजीकृत है। अन्य अभियुक्तों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी की जा रही है।
अवैध शंका से बनी हत्या की साजिश का पर्दाफाश: पति समेत सभी आरोपियों पर आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar
पुलिस ने इस मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 3/25/27 की बढ़ोत्तरी करते हुए आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना लोनी बॉर्डर पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल घटना का पर्दाफाश हुआ बल्कि यह भी स्पष्ट हुआ कि किस तरह एक पति ने अवैध संबंधों के शक में अपनी ही पत्नी की हत्या की साजिश रचकर निर्दोष पड़ोसियों को फंसाने का प्रयास किया। सुरेंद्र नाथ तिवारी डीसीपी ग्रामीण ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि हत्या के प्रयास के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और उनके खिलाफ विधिक कार्यवाही की जा रही है।
