आरव शर्मा
गाजियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने भू-माफियाओं और अवैध कब्जाधारकों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है। शुक्रवार को प्राधिकरण की टीम ने इंदिरापुरम जैसे पॉश इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए करोड़ों रुपये की आवंटित भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में चली इस कार्रवाई से अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मच गया।
इन भूखण्डों पर चला प्राधिकरण का बुलडोजर
प्रवर्तन जोन-06 के प्रभारी के नेतृत्व में चली इस मुहिम के दौरान इंदिरापुरम के विभिन्न प्राइम लोकेशन पर स्थित भूखण्डों को खाली कराया गया। जांच में सामने आया था कि आवंटित भूखण्ड संख्या एस.के.-03/552ए, 698 तथा ए.के.-1/सी-01 एवं सी-02 पर कुछ भू-माफियाओं और बाहरी तत्वों ने अवैध रूप से झुग्गी-झोपड़ियां डालकर कब्जा कर लिया था।
पुलिस बल के साथ ‘क्विक एक्शन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/grand-cxo-meet-2025-held-at-its-mohan-nagar/
मामले की गंभीरता को देखते हुए जीडीए के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर एक संयुक्त ऑपरेशन चलाया। बिना किसी देरी के मौके पर पहुंची टीम ने अवैध निर्माणों को ढहा दिया। राहत की बात यह रही कि पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी प्रकार का विरोध सफल नहीं हो सका। अतिक्रमण हटाने के तुरंत बाद प्राधिकरण ने सभी भूखण्डों को बाउंड्री या तारबंदी कर अपने घेरे में ले लिया है ताकि भविष्य में दोबारा कब्जा न हो सके।
चेतावनी: अवैध कब्जा किया तो होगी जेल
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/trans-hindon-cyber-police-40-crore-recovered/
जीडीए प्रशासन ने इस कार्रवाई के माध्यम से भू-माफियाओं को सख्त संदेश दिया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्राधिकरण की संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
शहर के नियोजित विकास में कोई भी बाधा स्वीकार्य नहीं है। सरकारी भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ न सिर्फ ध्वस्तीकरण की कार्रवाई होगी, बल्कि जरूरत पड़ने पर कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी। आने वाले दिनों में शहर के अन्य जोनों में भी इसी तरह के बड़े अभियान चलाए जाने की योजना है।
