आरव शर्मा
गाज़ियाबाद (शिखर समाचार)|
गाजियाबाद। कैलाश मानसरोवर यात्रा भवन के रख रखाव एवं संचालन के कार्य को पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से सौंपने की दिशा में प्राधिकरण ने टु बिड सिस्टम के तहत ई निविदा प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस क्रम में ई निविदा पोर्टल के माध्यम से ऑफर आमंत्रित किए गए हैं, जिनके लिए आरएफपी डॉक्यूमेंट 2 जनवरी 2026 से डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराया गया है।
स्पष्ट और व्यवहारिक निविदा प्रक्रिया के लिए प्री-बिड बैठक आयोजित
निविदा प्रक्रिया को और स्पष्ट एवं व्यवहारिक बनाने के उद्देश्य से 12 जनवरी 2026 को अपराह्न 3 बजे प्री बिड बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में कुल छह एजेंसियों ने प्रतिभाग किया और आरएफपी डॉक्यूमेंट की शर्तों को लेकर अपने सुझाव एवं आपत्तियां रखीं। एजेंसियों द्वारा मौखिक रूप से रखे गए बिंदुओं के साथ साथ लिखित सुझाव भी प्राधिकरण को सौंपे गए।
प्राधिकरण अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त सभी सुझावों और आपत्तियों का गहन परीक्षण किया जा रहा है। आवश्यक पाए जाने पर आरएफपी डॉक्यूमेंट में संशोधन प्रस्तावित किए जाएंगे। सक्षम स्तर से स्वीकृति मिलने के बाद संशोधित शर्तों से संबंधित शुद्धि पत्र एक सप्ताह के भीतर ई निविदा पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा, ताकि सभी इच्छुक एजेंसियों को समान और स्पष्ट जानकारी मिल सके। प्री बिड बैठक में वित्त नियंत्रक, मुख्य अभियंता तथा सहायक अभियंता सहित प्राधिकरण के संबंधित विभागों की टीम उपस्थित रही। अधिकारियों का कहना है कि पूरी निविदा प्रक्रिया को निष्पक्ष, प्रतिस्पर्धात्मक और समयबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा, जिससे कैलाश मानसरोवर यात्रा भवन का संचालन और रख रखाव बेहतर ढंग से सुनिश्चित हो सके।
