शामली। (शिखर समाचार) लघु उद्योग भारती के मंडल अध्यक्ष अंकित गोयल ने लखनऊ में लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री कुंवर बृजेश सिंह एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री राकेश सचान से शिष्टाचार मुलाकात कर जनपद शामली से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की।
सड़क परियोजना के लिए धनराशि का मुद्दा
लोक निर्माण विभाग के राज्य मंत्री से मुलाकात के दौरान अंकित गोयल ने अवगत कराया कि पिछले वर्ष सहारनपुर तिराहे से कैराना बाईपास तक लगभग छह किलोमीटर लंबी सड़क निर्माण परियोजना को विभागीय स्तर पर स्वीकृति मिल चुकी है। करीब 22.50 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना में हॉटमिक्स सड़क निर्माण, सड़क चौड़ीकरण तथा मध्य में डिवाइडर निर्माण शामिल है। उन्होंने बताया कि सभी आवश्यक विभागीय स्वीकृतियों के साथ यह प्रस्ताव शासन की वित्त समिति से भी पारित हो चुका है, लेकिन अब तक इसके लिए धनराशि जारी नहीं की गई है।
मंत्री ने दिया जल्द कार्रवाई का आश्वासन
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
इस पर मंत्री कुंवर बृजेश सिंह ने आश्वासन दिया कि आगामी सप्ताह में योगी आदित्यनाथ के साथ प्रस्तावित लोक निर्माण विभाग की बैठक में इस सड़क परियोजना को प्रमुखता से उठाया जाएगा और शीघ्र स्वीकृति दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
औद्योगिक विकास फंड पर भी हुई चर्चा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
इसके उपरांत अंकित गोयल ने एमएसएमई मंत्री राकेश सचान से मुलाकात कर शामली इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट फंड के अंतर्गत स्वीकृत 5 करोड़ 1 लाख 90 हजार रुपये की धनराशि अब तक जारी न होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने के लिए इस राशि का शीघ्र जारी होना अत्यंत आवश्यक है।
इस पर मंत्री राकेश सचान ने भरोसा दिलाया कि वर्तमान वित्तीय वर्ष में इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा और धनराशि जल्द जारी करने के निर्देश दिए जाएंगे।
