गाजियाबाद (शिखर समाचार)। थाना लोनी बॉर्डर क्षेत्र में बीती 29 अप्रैल को हुई बुजुर्ग रमेश शर्मा की हत्या का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। इस संबंध में पुलिस ने आनंद को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया। इसके अलावा बुजुर्ग की हत्या के आरोप में प्रियांशु और एक बाल अपचारी किशोरी को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से असलाह, आभूषण और नगदी बरामद की है। खास बात यह है कि चोरी करते समय खुद की पहचान छुपाने के लिए बुजुर्ग की हत्या की गई थी।
मुठभेड़ में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी
संवाददाता सम्मेलन में डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि बुजुर्ग की हत्या की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी और मुकदमा दर्ज करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया था। घटना का खुलासा करने के लिए टीमों का गठन किया गया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए। पुलिस ने मुठभेड़ में आनंद को गिरफ्तार किया था और इस दौरान उसके पैर में गोली लगी थी। उसे घायल अवस्था में उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
इसके अलावा प्रियांशु को चेकिंग के दौरान गिरफ्तार किया गया। इस घटना के संबंध में एक बाल अपचारी किशोरी को भी हिरासत में लिया गया है। पुलिस के अनुसार यह सभी लूट के इरादे से रमेश शर्मा के घर में घुसे थे। आनंद की पत्नी रमेश शर्मा के घर में खाना बनाने का काम करती थी, जिससे उन्हें घर की स्थिति और समय का पूरा अंदाजा था।
पहचान छुपाने के लिए की गई हत्या
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पूछताछ में सामने आया कि जब यह लोग लूट करने के लिए घर में दाखिल हुए तो रमेश शर्मा ने इन्हें पहचान लिया था। अपनी पहचान छुपाने के लिए आरोपियों ने बुजुर्ग की हत्या कर दी और घर से आभूषण व नगदी लेकर फरार हो गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें पैसों की आवश्यकता थी, इसलिए उन्होंने लूट की योजना बनाई थी। लेकिन घटना के दौरान पकड़े जाने के डर से उन्होंने बुजुर्ग की हत्या कर दी।
