हापुड़ (शिखर समाचार) जनपद की साइबर अपराध शाखा पुलिस ने मोबाइल चोरी कर बैंक खाते से धनराशि निकालने वाले एक चालाक अभियुक्त को दबोचते हुए बड़ी वारदात का पर्दाफाश किया है। पिलखुवा नगर क्षेत्र के मोहल्ला गढ़ी में स्थित शिव मूर्ति मंदिर से पुजारी का मोबाइल चुराकर आरोपी ने उनके खाते से एक लाख दस हजार रुपये उड़ा दिए थे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन तथा पच्चीस हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
साइबर अपराध टीम की तेज कार्रवाई, अमित को निजामपुर तिराहा से धर दबोचा
क्षेत्राधिकारी वरुण मिश्रा के अनुसार साइबर अपराध थाने के प्रभारी निरीक्षक पटनीश कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त अमित, निवासी ग्राम दतैड़ी, थाना पिलखुवा, जनपद हापुड़ को निजामपुर तिराहा के समीप से गिरफ्तार किया।
जानकारी के अनुसार मोहल्ला गढ़ी स्थित शिव मूर्ति मंदिर में नवीन झा पुजारी के रूप में सेवा करते हैं और अपने परिवार सहित मंदिर परिसर में ही निवास करते हैं। बारह दिसंबर को अज्ञात चोर मंदिर परिसर से उनका मोबाइल फोन चुरा ले गया। मोबाइल हाथ लगते ही आरोपी ने बारह से पंद्रह दिसंबर के बीच पुजारी के बैंक खाते से अलग अलग माध्यमों से धनराशि निकाल ली।
बैंक खाते से एक लाख बीस हजार की चोरी, पुजारी ने साइबर थाने में दर्ज कराई शिकायत
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/swadeshi-sankalp-to-the-people/
मोबाइल न मिलने पर पुजारी ने बैंक जाकर जानकारी प्राप्त की, जहां बैंककर्मियों ने उनके खाते से निर्धारित तिथियों में लगभग एक लाख बीस हजार रुपये निकाले जाने की सूचना दी। इसके बाद पीड़ित ने साइबर अपराध थाने में घटना की लिखित सूचना दर्ज कराई।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि चोरी की गई रकम में से अधिकांश धन उसने खेल-कूद में हार दिया था और उसके पास केवल कुछ हजार रुपये ही शेष बचे थे। फिलहाल पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
