बुढ़ाना/मुजफ्फरनगर (शिखर समाचार)। पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान हुई मुठभेड़ में एक कथित शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद करने का दावा किया है।
पुलिस चेकिंग के दौरान खेतों में भागा आरोपी
इंस्पेक्टर सुभाष अत्री ने बताया कि पुलिस टीम क्राउन स्कूल से मंदवाड़ा गांव की ओर जाने वाले मार्ग पर वाहनों की जांच कर रही थी। इसी दौरान मंदवाड़ा की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहे एक युवक को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस के अनुसार, युवक पुलिस को देखकर मोटरसाइकिल छोड़कर खेतों की ओर भागने लगा। पुलिस टीम ने पीछा करते हुए घेराबंदी की तो आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर गोली चला दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी और वह घायल होकर मौके पर गिर गया। इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
मेरठ समेत कई जिलों में मुकदमे दर्ज होने का दावा
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी की पहचान बिलाल उर्फ मंकी पुत्र इस्तकार निवासी खैर नगर, थाना दिल्ली गेट, मेरठ के रूप में हुई। पुलिस ने बताया कि आरोपी के विरुद्ध मेरठ, नोएडा, दिल्ली और हरियाणा के विभिन्न थानों में वाहन चोरी सहित अन्य मामलों के कई मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास और बरामद मोटरसाइकिल के संबंध में आगे जांच कर रही है।
