गाजियाबाद (शिखर समाचार)। गाजियाबाद विकास प्राधिकरण (जीडीए) ने शहर में पनप रही अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ आज बड़ी कार्रवाई की। प्राधिकरण के जीरो टॉलरेंस अभियान के तहत प्रवर्तन जोन 01 और जोन 02 के क्षेत्रों में विशेष दस्ता पहुँचा और अवैध रूप से विकसित किए जा रहे निर्माणों को जमींदोज कर दिया। प्राधिकरण की इस कड़ी कार्रवाई से भू माफियाओं में हड़कंप मच गया है।
जोन 01 में ताबड़तोड़ कार्रवाई
प्रवर्तन जोन 01 के नेतृत्व में आज कई स्थानों पर प्रभावी कार्रवाई की गई। टीम ने ढरगल गाँव (नियर खेतान स्कूल) में सनी शर्मा द्वारा लगभग 5000 वर्ग मीटर के बड़े क्षेत्रफल में की गई अवैध प्लाटिंग, बिजली के खंभों और बाउण्ड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया। वहीं, मोरटा गाँव में रैपिड रेल पिलर संख्या 660-661 के सामने रवि अग्रवाल द्वारा खसरा संख्या 1133 पर किए गए लगभग 500 वर्ग मीटर के अवैध निर्माण को भी प्राधिकरण के बुलडोजर ने पूरी तरह ढहा दिया। इसके अलावा, नूरनगर गाँव में सुकरमा देवी द्वारा खसरा संख्या 467मि0 पर अवैध रूप से संचालित धर्म कांटे के विरुद्ध सीलिंग की कार्रवाई की गई।
जोन 02 में 18 बीघा अवैध कॉलोनी जमींदोज
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/town-vending-committee-meeting-in-presence/
प्रवर्तन जोन 02 की टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए लगभग 18 बीघा जमीन पर विकसित की जा रही एक पूरी अवैध कॉलोनी को निशाना बनाया। यहां कॉलोनाइजर द्वारा नियम विरुद्ध बनाई गई सड़कों, बाउण्ड्रीवॉल और साइट ऑफिस को प्राधिकरण के दस्ते ने ध्वस्त कर दिया। इसके साथ ही, यहाँ सीलिंग की कार्रवाई भी की गई, ताकि भविष्य में अवैध निर्माण को रोका जा सके।
विरोध के बावजूद जारी रही कार्रवाई
ALSO READ:https://rashtriyashikhar.com/humorous-poetry-recitation-by-shambhu-shekhar/
कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर भूमाफियाओं और निर्माणकर्ताओं द्वारा भारी विरोध किया गया, लेकिन प्राधिकरण का प्रवर्तन दस्ता और पुलिस बल पूरी मुस्तैदी से डटा रहा। प्राधिकरण के अधिकारियों ने स्पष्ट कर दिया है कि सुनियोजित विकास में बाधा डालने वाले किसी भी अवैध निर्माण को बख्शा नहीं जाएगा।
इस अभियान के दौरान सहायक अभियन्ता, अवर अभियन्ता, प्रवर्तन जोन 01 व 02 का समस्त स्टाफ और प्राधिकरण पुलिस बल मुख्य रूप से उपस्थित रहा। प्राधिकरण का यह स्पष्ट संदेश है कि शहर को अवैध कॉलोनियों के जाल से मुक्त कराना उनकी प्राथमिकता है और आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
